मध्यप्रदेश

BREAKING NEWS- महिला ने पति और जेठ की गोली मारकर की हत्या: कट्‌टा हाथ में लेकर थाने पहुंची आरोपी महिला

उज्जैन डेस्क :

उज्जैन में एक महिला ने अपने पति और जेठ की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद रिवॉल्वर हाथ में लेकर पैदल चलते हुए थाने पहुंची और सरेंडर कर दिया। घटना की वजह जमीन विवाद मानी जा रही है।

घटना सोमवार सुबह उज्जैन जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर इंगोरिया की है। जिस जगह ये घटना हुई वहां से इंगोरिया थाने की दूरी महज 200 मीटर है। पुलिस ने हर एंगल से जांच शुरू कर दी है।

पहले जेठ, फिर पति पर किया फायर

सोमवार की सुबह जेठ धीरज कुमारिया पूजा करने के लिए घर के आंगन में आया था। उसी समय आरोपी महिला सविता घर से निकली और जेठ धीरज पर दो गोलियां चलाईं। पहली गोली उसके सिर और दूसरी गोली उसके कंधे पर लगी। इसके बाद सविता घर के अंदर गई और नशे में धुत पड़े पति राधेश्याम कुमारिया की कनपटी पर गोली मार दी।

फायरिंग की आवाज सुनकर धीरज की पत्नी और उसका बेटा बाहर आए तो सविता ने उन पर भी फायर किए। हालांकि, वे बच गए। इधर, गोली लगने के बाद पति राधेश्याम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जेठ धीरज ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।

जमीन विवाद बनी वारदात की वजह

 पता चला कि दोहरे हत्याकांड की वजह जमीन विवाद है। नागूलाल कुमारिया के पास करीब 20 बीघा जमीन थी। इसमें से उन्होंने 2 बीघा जमीन बड़े बेटे धीरज को और 2 बीघा जमीन छोटे बेटे राधेश्याम को दी थी। बची हुई 16 बीघा जमीन ही विवाद की वजह है।

सविता के पति राधेश्याम को शराब की लत थी, वह अपने बड़े भाई के खिलाफ कभी नहीं जाता था। इसे लेकर सविता का पति से अक्सर विवाद होता था। सविता को लगता था कि पति को शराब पिलाकर जेठ सारी जमीन अपने नाम कर लेगा।

सोमवार सुबह भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ। राधेश्याम नशे में था, वह सविता की एक बात सुनने को तैयार नहीं था। गुस्से में सविता ने घर में रखी रिवॉल्वर उठा ली। पहले उसने जेठ धीरज और फिर नशे में धुत पड़े पति को गोली मार दी।

जेठ का बेटा बोला- चाची सभी को मारना चाहती थी

मृतक धीरज के बेटे नीलेश ने बताया कि सुबह पापा पूजा कर रहे थे। इस दौरान गोली चलने की आवाज आई। मैं और मां बाहर भागे। पिता जमीन पर पड़े थे। हम उनके पास पहुंचे तो चाची ने हम पर भी फायर कर दिया। हम वहां से जान बचाकर भागे। वो हम सब को खत्म कर देती। उन्होंने हवा में फायरिंग की। गोलियां खत्म होने पर वे थाने की ओर चली गईं।

दादा के घर रहती हैं आरोपी सविता की दोनों बेटियां

पुलिस ने बताया कि राधेश्याम के तीन बच्चे हैं। बेटी सोनिया (23), बेटी नेहा (20) और बेटा आशुतोष (15)। बेटा नवोदय विद्यालय में 10वीं का छात्र है। यह बात भी निकलकर आई कि नशे में धुत पिता अपनी बेटियों पर ही गलत नजर रखता था। इसे लेकर भी सविता में गुस्सा था। पति की हरकतों के चलते सविता ने कुछ दूरी पर रहने वाले ससुर के यहां दोनों बेटियों को छोड़ रखा था। दोनों वहीं रहती हैं।

आमने-सामने ही रहते थे दोनों भाई

परिजन के मुताबिक, सविता (41) अपने पति राधेश्याम कुमारिया (43) के साथ अलग मकान में रहती थी, जबकि धीरज कुमारिया (45) सामने बने मकान में अपने परिवार के साथ रहता था। आरोपी सविता आंगनवाड़ी में काम करती है।

पुलिस ने कहा, ‘जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल, महिला को हिरासत में ले लिया है। घटना का कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। पूर्व में भी महिला ने अपने जेठ पर प्रकरण दर्ज करवाया था।’

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!