मध्यप्रदेश

डॉक्टर मोहन यादव मध्यप्रदेश के 19वें मुख्यमंत्री बने: देवड़ा, शुक्ल ने डिप्टी CM की शपथ ली, भीड़ में घिरे शिवराज, मामा-मामा के नारे

भोपाल डेस्क :

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली। वे MP के 19वें मुख्यमंत्री हैं। भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह सिर्फ 10 मिनट का रहा। जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल ने डिप्टी CM के रूप में शपथ ग्रहण की। राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने सभी को शपथ दिलाई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा समेत 11 राज्यों के मुख्यमंत्री इस समारोह में शामिल हुए। राजभवन में CM और डिप्टी CM के साथ PM नरेंद्र मोदी ने चर्चा भी की। इसके बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उज्जैन जाकर महाकाल के दर्शन किए। भोपाल लौटकर वे आज शाम 5 बजे मंत्रालय में कैबिनेट की पहली बैठक लेंगे।

शपथ लेने से पहले मोहन यादव ने कहा, ‘सभी को साथ लेकर चलूंगा और सुशासन सुनिश्चित करूंगा।’ शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘मुझे विश्वास है कि नए मुख्यमंत्री राज्य में समृद्धि, विकास और जन कल्याण को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। मित्रो, अब विदा। जस की तस धर दीनी चदरिया…।’

चुनाव परिणाम के बाद और नए सीएम फेस को लेकर चल रही अटकलों के बीच शिवराज ने X अकाउंट पर लिखा था, ‘राम-राम।’

स्थिर लग्न शुभ चौघड़िया में ली शपथ

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को सुबह 11:30 बजे स्थिर लग्न और शुभ चौघड़िया में शपथ ली। पं. चंदन श्यामनारायण व्यास ने बताया कि सुबह 11 बजे से 12:20 बजे तक शुभ चौघड़िया रहा। इसके साथ ही 11:09 से 12:42 बजे तक स्थिर कुंभ लग्न था। यह शनि का लग्न है। शनि न्याय के देवता हैं। इस दौरान शपथ लेने से लंबा कार्यकाल मुख्यमंत्री का रहेगा।

समर्थकों ने शिवराज को रोका…

समारोह में तीन मंच बने, एक पर साधु-संत बैठे

शपथ ग्रहण समारोह में तीन मंच बनाए गए थे। मुख्य मंच के बीचोंबीच तीन कुर्सियां रखी गई थीं। बीच वाली कुर्सी पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल बैठे। उनके दाईं ओर PM मोदी और बाईं तरफ मुख्यमंत्री मोहन यादव बैठे। मोहन यादव PM की कुर्सी के दाईं तरफ खड़े थे तो मोदी ने हाथ पकड़कर उनसे बैठने को कहा।

तीन मंचों में बाईं तरफ के मंच पर करीब एक दर्जन साधु-संत बैठे थे। दाईं तरफ के मंच पर BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, नितिन गडकरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री बैठे थे। इन्हीं कुर्सियों पर नरेंद्र सिंह तोमर, शिवराज सिंह चौहान, प्रहलाद पटेल और राकेश सिंह भी बैठे थे। सांसद से विधायक बनीं रीति पाठक आमजन के बीच बैठी थीं।

शिवराज के ‘जस की तस धर दीनी चदरिया’ का अर्थ…

यह कबीर दास जी का दोहा है। वे कहते हैं, ‘दास कबीर जतन करि ओढ़ी, ज्यों कीं त्यों धर दीनी चदरिया।’ यानी बनाने वाले ने बड़े जतन और बड़े होश से इस शरीर को बनाया है। इसलिए इसको तुम जितना जाग कर जीयोगे, उतने ही बारीक और सूक्ष्म जीवन का अनुभव कर पाओगे। जितना सूक्ष्म अनुभव करोगे, उतना ही ज्यादा जागोगे।

MP में मोहन 19वें CM

शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री के आधिकारिक X हैंडल से मोहन यादव के 20वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने की जानकारी दी गई। हालांकि, वे 19वें मुख्यमंत्री हैं। विधानसभा की वेबसाइट के मुताबिक मुख्यमंत्रियों की लिस्ट में कुल 20 नाम शामिल हैं। इनमें विजया राजे सिंधिया का नाम भी है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि वे चौथी विधानसभा (1967-1972) में सदन की नेता तो रही हैं, लेकिन बतौर मुख्यमंत्री उन्होंने शपथ नहीं ली। इस दौरान गोविंद नारायण सिंह मुख्यमंत्री रहे।

अब मं​त्रिमंडल भी चौंकाएगा

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तुरंत बाद डॉ. मोहन यादव के मंत्रिमंडल के चेहरे तलाशने की भी तैयारी है। बड़े नेताओं से प्रारंभिक चर्चा करने के बाद यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद दिल्ली जाएंगे। गुजरात फॉर्मूला चलता है तो कैबिनेट नए चेहरों के साथ बनेगी। जो लंबे समय से मंत्री रहे हैं, ऐसे कई बड़े नाम बाहर होंगे। उन्हें सिर्फ जातिगत गणित (सोशल इंजीनियरिंग) ही बचा पाएगा यानी CM चेहरे की तरह अब मंत्रिमंडल भी चौंकाएगा।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि डिप्टी CM और स्पीकर की नियुक्ति के बाद हाईकमान बचे हुए बड़े नेताओं- कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, गोपाल भार्गव, जयंत मलैया, विजय शाह, भूपेंद्र सिंह, बिसाहूलाल सिंह जैसे कुछ नेताओं की भूमिका जल्द स्पष्ट करेगा। इसके बाद ही मंत्रिमंडल के नाम फाइनल होंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दिए नामों को प्राथमिकता में रखा जा सकता है। इसके साथ जातिगत समीकरण और महिलाओं को भी प्राथमिकता दी जा सकती है। बताया गया है कि रीजन और संभागों में भी संतुलन बैठाया जाएगा।

 

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!