केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सिरोंज में चुनावी सभा: बोले- आयुष्मान योजना में ₹10 लाख तक का होगा मुफ्त इलाज, सरकार बनते ही लेंगे फैसला

सिरोंज डेस्क :
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को सिरोंज में चुनावी सभा को संबोधित किया। नए बस स्टैंड पर आयोजित इस सभा को सुनने हजारों की संख्या में लोग जमा हुए। सिरोंज के इतिहास में नए बस स्टैंड पर यह अभी तक कि सबसे बड़ी आमसभा रही। चाक चौबंध सुरक्षा व्यवस्था के पुलिस प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों ने पहले से ही मोर्चा संभाल रखा था। सुरक्षा की दृष्टि से बस स्टैंड की दुकानें भी आम सभा चलने तक बंद रखी गई।

आयुष्मान योजना की राशि बढ़ाएंगे
सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने वादा किया कि प्रदेश और देश मे भाजपा सरकार लौटती है, तो आयुष्मान कार्ड पर 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख तक फ्री इलाज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी ने 9 साल में भारतीय अर्थव्यवस्था को विश्व की 5 वे नंबर की अर्थव्यवस्था बना दिया, जबकि पहले इसका स्थान 11वां था।
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में प्रदेश का बजट 23 हजार करोड़ का था, जो अब बढ़कर 3 लाख 14 हजार करोड़ का हो गया है। सबसे ज्यादा जोश राम मंदिर की बात पर देखा। जैसे ही अमित शाह ने राम मंदिर बनने की बात कही लोगों ने देर तक तालियां बजाई ओर मोदी मोदी के नारे लगाए।

कमलनाथ-दिग्विजय पर साधा निशाना
इस दौरान अमित शाह ने कमलनाथ और दिग्विजय सिंह पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये लोग अपने-अपने बेटों को मुख्यमंत्री बनाना चाहते है और सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री। बस इसीलिए ये लोग राजनीति कर रहे है। इनसे देश का भला नहीं होगा। भाजपा के देशभक्त कार्यकर्ताओं से ही देश का विकास होगा।
सपाक्स प्रत्याशी हुए भाजपा में शामिल
सिरोंज विधानसभा के सपाक्स प्रत्याशी अखिलेश जैन भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा प्रत्याशी उमाकान्त शर्मा को समर्थन देकर वे चुनाव से हट गए। इसके अलावा कांग्रेस नेता नंदू शर्मा पगरानी, राधेश्याम यादव, शिवराज बघेल, लाखन कुर्मी, ब्रजेश यादव, अवध राम यादव, पप्पू सेन, धीरज सिंह दांगी, रामकिशन सहित अनेक ग्रामीण क्षेत्र के बड़े कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हो गए।



