मध्यप्रदेश

प्रियंका गांधी चुनावी सभा में बोलीं-प्याज की सेंचुरी पर मोदी का मुंह बंद: इंदौर में कहा- मोदी कहते हैं कांग्रेस का खून खराब है, उन्होंने पैथ लैब कब खोल ली

इंदौर डेस्क :

धार जिले के कुक्षी के डही के बाद प्रियंका गांधी ने इंदौर में सभा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस क्रांतिकारी पार्टी है। भाजपा चुनाव के वक्त ही विकास की बात करती है। प्रियंका ने कहा कि मोदी जी कहते हैं कांग्रेसियों का खून खराब है, उन्होंने पैथ लैब कब खोल ली?

इससे पहले धार जिले के कुक्षी के डही में प्रियंका गांधी ने कहा, ‘अर्जुन अपनी नजर और ध्यान को केंद्रित कर तीर चलाते थे, इसी तरह अपने वोट को चलाओ। तीर सही लगने से आपका भविष्य मजबूत बन सकता है।’

उन्होंने सीधी पेशाबकांड पर CM शिवराज को घेरते हुए कहा, ‘चुनाव का समय है तो मुख्यमंत्री ने उस लड़के के पैर धोए, जिसके साथ गंदी हरकत की गई थी।’ केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे देवेंद्र तोमर के वायरल VIDEO का मुद्दा उठाते हुए बोलीं, ‘केंद्र के कृषि मंत्री के बेटे का एक VIDEO सामने आया। इसमें हजारों – करोड़ की बातें हो रही हैं।’

इंदौर में प्रियंका के भाषण की 5 बड़ी बातें

इंदिरा का नाम लिया तो क्या बुराई: मोदी कहते हैं कांग्रेस नेता इंदिरा गांधी के नाम पर वोट मांग रहे हैं। मैं सोच रही थी,​​​​​​ मोदी जी आप तो हर भाषण में पंडित नेहरू का नाम लेते हैं। मैंने इंदिरा जी का नाम ले लिया तो क्या बुराई हो गई।

मोदी ने पैथ लैब कब खोल ली: मैंने उनका भाषण सुना। मोदी कहते हैं कांग्रेसियों का खून खराब है। मैंने कहा मोदी जी ने पैथ लैब कब खोल ली कि वे टेस्टिंग करने लगे। अगली बार बुखार चढ़ेगा तो मैं मोदी जी के पास भेज दूंगी।

10 साल से सत्ता में, जिम्मेदारी लीजिए: ये बार-बार कहते हैं 70 साल में क्या हुआ। 10 साल से आप सत्ता में हो। 18 सालों से इस प्रदेश में आप की सरकार है। अब तो जिम्मेदारी ले लीजिए। IIT, IIM, AIIMS हों सब पंडित नेहरू के समय से हैं।

मुझे आपकी जागरूकता चाहिए: मुझे वोट नहीं चाहिए, मुझे आपकी जागरूकता चाहिए। मैं चाहती हूं आपके हक आपके हाथों में जाए। जैसे छत्तीसगढ़ की सरकार जनता की संपत्ति जनता की जेब में डाल रही है, वैसी सरकार मध्यप्रदेश में बने।

आपको खाली गुलदस्ता थमा रहे: मंच पर किसी ने मुझे गुलदस्ता दिया। उसमें फूल ही नहीं थे। खाली था। उसी तरह चुनाव आते ही धर्म, जाति और घोषणाओं का गुलदस्ता आपको देते हैं। चुनाव के बाद उसमें देखते हैं कि उसमें फूल ही नहीं हैं। खाली है।

धार में प्रियंका के भाषण की 9 बड़ी बातें…

प्याज की सेंचुरी पर मोदी का मुंह बंद: पहले टमाटर का दाम बढ़ा, अब प्याज का बढ़ गया। कांग्रेस सरकार थी, तब मोदी कहते थे ‘देखेंगे सचिन सेंचुरी मारेगा या प्याज।’ अब मैं उनसे पूछती हूं कि विराट की सेंचुरी हो गई, प्याज की भी हो गई, सरकार आपकी है, आप क्या बोलते हो? अब मुंह बंद हो गया।’

नोटबंदी-GST से छोटे दुकानदार खत्म हुए: PM मोदी लाखों के सूट पहनते हैं। 8-8 हजार करोड़ के 2 हवाई जहाजों में घूमते हैं। 20 हजार करोड़ संसद को नया बनाने में खर्च कर दिए। किसानों को देने के लिए इनके पास पैसे नहीं हैं। सरकार ने नोटबंदी और GST से छोटे दुकानदारों को खत्म कर दिया।

चुनाव आए तो सिलेंडर के दाम घटा दिए: जो गैस सिलेंडर पहले 400 रुपए में मिलता था, उसे 1200 रु. का कर दिया। अब जब चुनाव आए तो दो महीने पहले 400 रुपए का कर दिया। दो महीने पहले कर सकते थे तो इतने सालों से क्यों नहीं किया। मध्यप्रदेश सरकार ने 22 हजार घोषणाएं की हैं। 22 भी पूरी नहीं कीं।

देश में इतनी बेरोजगारी 45 साल में नहीं रही: आज सिर्फ मध्यप्रदेश में नहीं, देश में इतनी बेरोजगारी है कि 45 साल से इतनी बेरोजगारी पूरे देश में नहीं रही। मध्यप्रदेश में 90% से ज्यादा सरकारी पद खाली हैं, 18 साल से भाजपा की सरकार है, फिर ये पद भरे क्यों नहीं गए?’

सरकार की मदद से अडाणी करोड़ों कमा रहे: अडाणी क्या बनाते हैं? बेवकूफ बनाते हैं। देश की संपत्तियां कौड़ियों के दाम पर इन्हें दी गई। ये कुछ बनाते नहीं हैं, जो आपने बनाया (बंदरगाह, एयरपोर्ट) उन्हें सौंपी जा रही है। सरकार की मदद से अडाणी एक दिन में 1600 करोड़ रुपए कमा रहे और देश का किसान 27 रुपए कमा रहा है।

मेरे पास ‘मामा’ के घोटालों की पूरी लिस्ट: आपकी चुनी हुई सरकार को रिश्वत देकर गिरा दिया गया। मामा (CM शिवराज) ने कितने घोटाले किए हैं, मेरे पास पूरी लिस्ट है। पटवारी, भर्ती इम्तिहान, व्यापमं, पौधरोपण… घोटाले ही घोटाले ही हैं। ये सरकार कमीशनखोरी पर चलती है। इनकी घोषणाएं खोखली हैं। अब भाजपा जा रही है, कांग्रेस आ रही है।

MP में महिलाएं सुरक्षित नहीं: उज्जैन में एक बच्ची के साथ दुष्कर्म होता है। आपके प्रदेश (मध्य प्रदेश) में हर रोज 17 महिलाओं के साथ दुष्कर्म होता है। महिलाओं को सुरक्षा नहीं दे पा रहे हैं। अब आपके सामने चुनाव है, आप चुनिए कि क्या आपको फिर से इन्हें 5 साल देना है, जिससे आप पर भ्रष्टाचार, अत्याचार, अपराध बढ़े?

छत्तीसगढ़ सरकार पर मुझे गर्व: जहां-जहां भाजपा की सरकारें हैं, उन प्रदेशों में देश-प्रदेश की संपत्ति यानी आपका पैसा आपसे छीनकर बड़े उद्योगपतियों को दिया गया। छत्तीसगढ़ सरकार पर मुझे गर्व है। छत्तीसगढ़ में आपकी संपत्ति, वापस आपकी जेब में डाली गई है।

मेरी दादी का आपसे भावनाओं का रिश्ता था: मैं इंदिरा जी की पोती हूं। उन्हें गुजरे हुए 30 साल से ज्यादा गुजर गए। फिर भी आप उन्हें याद करते हैं। क्योंकि, वे आपकी संस्कृति को समझती थीं। आपसे उनका रिश्ता राजनीति का नहीं, भावनाओं का था। पं. जवाहरलाल नेहरू, राजीव गांधी ने भी आपकी आदिवासी संस्कृति और परंपरा का आदर किया।

प्रियंका की एमपी के लोगों काे गारंटी

  • महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए
  • किसानों का कर्ज माफ
  • 100 यूनिट बिजली माफ, 200 यूनिट हाफ
  • पुरानी पेंशन लागू
  • 500 रुपए में गैस सिलेंडर
  • 2 लाख खाली सरकारी पद भरेंगे
  • स्कूली छात्रों को छात्रवृत्ति
  • MSP की गारंटी
  • युवाओं को 3000 रु. बेरोजगारी भत्ता
  • 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा
  • प्रतियोगी परीक्षा शुल्क में 100% छूट
  • 25 लाख रु. तक का बीमा
  • OBC को 27% आरक्षण
  • जाति जनगणना

धार की चुनावी सभा का 14 सीटों पर असर
प्रियंका की धार में चुनावी सभा से 14 विधानसभा सीटों को असर पड़ेगा। इनमें धार की 7, झाबुआ की 3, बड़वानी और अलीराजपुर जिले की 2-2 सीट शामिल हैं।

CM का सवाल- MP आप पर भरोसा कैसे करेगा?
प्रियंका के दौरे से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, आज प्रियंका फिर मध्यप्रदेश आ रही हैं। उनसे एक सवाल पूछना चाहता हूं। I.N.D.I. गठबंधन की दिल्ली में दोस्ती और राज्यों में कुश्ती चल रही है। प्रियंका गांधी जवाब दें कि यह कांग्रेस ऐसी दलदल क्यों बन गई, जिसमें इंडी गठबंधन धंस गया। कोई आप पर भरोसा नहीं कर रहा, तो मध्यप्रदेश कैसे करेगा?

 

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!