भोपालमध्यप्रदेश

कमलनाथ ने शिवराज सरकार के खिलाफ जारी किया आरोप पत्र: बीजेपी का पलटवार-कांग्रेस करप्शन की दुकान

भोपाल डेस्क :

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट सामने आते ही कांग्रेस भी नेक्स्ट मोड में आ गई है। PCC चीफ कमलनाथ ने शुक्रवार को शिवराज सरकार पर 18 साल के कार्यकाल में 225 घोटालों को अंजाम देने का आरोप लगाते हुए बुकलेट जारी की।

कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कमलनाथ ने कहा, ‘प्रदेश की पहचान प्रचार, अत्याचार और भ्रष्टाचार से हो गई है। मुख्यमंत्री शिवराज अब ठगराज हो गए हैं। शिवराज के 50 प्रतिशत कमीशन राज ने एमपी को घोटालों का प्रदेश बना दिया। घोटालों पर घोटाला, मामा ने जनता को धो डाला। ये भगवान को भी धोखा देते हैं। ये इंसान को छोड़ देंगे, ये उम्मीद नहीं करनी चाहिए। वह दिन दूर नहीं, जब आप गूगल पर घोटाला सर्च करेंगे तो शिवराज जी की तस्वीर आ जाएगी।’

इन कथित घोटालों की जांच कराने के सवाल पर कमलनाथ ने कहा, ‘अब कमलनाथ 2018 के नहीं, 2023 के मॉडल है। कांग्रेस आज शिवराज सिंह चौहान के 18 साल की घोटाला शीट जारी कर रही है। शिवराज सरकार के घोटाले की पोल खोलने वाले अभियान से जुड़ने के लिए 9593-420-420 पर मिस्ड कॉल करें।’

कमलनाथ की पीसी के तुरंत बाद बीजेपी भी एक्शन में आ गई। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कमलनाथ को करप्शन नाथ बताते हुए कई आरोप लगाए।

शिवराज ने नौजवान, किसान..बुजुर्गों सबको ठगा है
कमलनाथ ने कहा- आज 1000 से ज्यादा लोग मेरे घर पर मौजूद थे। हर दिन 600-700 लोग आते हैं, आज एक हजार से ज्यादा थे। वे केवल टिकट का आवेदन लेकर नहीं आए। इंदौर से 500 लोग आए थे और उन्होंने बताया कि वह कैसे भ्रष्टाचार के शिकार हो गए।

शिवराज सिंह चौहान को मैं लोकसभा से जानता हूं। मैं 2007 तक लोकसभा में उन्हें शिवराज कहकर पुकारता था, अब वही ठगराज बन गए हैं। उन्होंने सबको ठगा है। नौजवानों को ठगा, बुजुर्गों को ठगा, किसानों को ठगा, व्यापारियों को ठगा, सरकारी कर्मचारियों को भी ठगा है।

आज मध्य प्रदेश पर सबसे बड़ा कलंक भ्रष्टाचार

कमलनाथ ने कहा- इन्होंने हमारे महाकाल को भी नहीं छोड़ा। गौ माता को नहीं छोड़ा। आज प्रदेश का हर व्यक्ति या तो भ्रष्टाचार का शिकार है या भ्रष्टाचार का गवाह है। यही सबसे बड़ा कलंक आज मध्यप्रदेश पर है। आज इस गंभीर विषय पर मेरा आपसे आखिरी निवेदन है कि इसकी गंभीरता को आप डायल्यूट मत कीजिए। यही मुद्दा है, जिस वजह से कोई इंवेस्टमेंट नहीं आता। हमारे प्रदेश पर अगर सबसे भ्रष्ट होने का लेबल लगा है तो क्या यहां निवेश आएगा। आज सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है। आर्थिक गतिविधियां घटना भी बहुत बड़ी समस्या है।

पूर्व मुख्यमंत्री केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा प्रदेश सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी करने के मुद्दे पर भी बोले। कहा- प्रचार की बजाय भ्रष्टाचार और अत्याचार पर यह रिपोर्ट दें। प्रदेश की जनता गवाह है, चाहे कोई कुछ भी कह ले। होर्डिंग, बैनर, पंपलेट से जनता प्रभावित होने वाली नहीं है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा- शिवराज ने प्रदेश को कर्ज के गर्त में डुबो दिया

नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने 18 साल के कार्यकाल में जो घोटाले किए हैं, उन्होंने पिछली सरकारों द्वारा की गई प्रदेश की गाढ़ी कमाई को लुटाने का काम किया है। प्रदेश को कर्ज के गर्त में डुबो दिया है।

कमलनाथ जी जो आरोप पत्र जारी कर रहे हैं, वह पूरी तरह तथ्यों पर आधारित है। विधानसभा में सरकार द्वारा दिए गए जवाब, सीएजी की रिपोर्ट, सीबीआई-लोकायुक्त द्वारा पकड़े गए घोटालों पर आधारित है। अगर किसी सबूत की आवश्यकता होगी तो एक-एक तथ्य सबके सामने रख देंगे।

वीडी बोले- कमलनाथ 2023 के नहीं, 1984 के सिख दंगों के मॉडल

कांग्रेस के आरोप पत्र के जवाब में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मोर्चा संभाला। उन्होंने कहा- कांग्रेस नेता कमलनाथ तो मध्यप्रदेश में करप्शन नाथ के नाम से प्रसिद्ध हैं। उन्होंने अभी एक पत्रकार वार्ता में कुछ कहा। वे कह रहे थे कि मैं 2023 का मॉडल हूं। कमलनाथ जी, आप 2023 के मॉडल नहीं.. आप 1984 के सिख दंगों के मॉडल जरूर हैं। आप देश की खुफिया तंत्र की जानकारी में गद्दारी के मॉडल हैं। चीन के साथ दलाली करने के मॉडल है। आपकी 15 महीने की सरकार में मिस्टर बंटाढार दिग्विजय सिंह के प्रोजेक्ट चल रहे थे। जिसमें आप करप्शन नाथ बने। उस 15 महीने की सरकार में गरीबों के हक और अधिकार को छीनने के मॉडल आप हैं।

शर्मा ने कहा- उन्होंने भाजपा सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी किया है। ग्वालियर में आपकी नेता प्रियंका गांधी की सभा हुई थी। उस दिन भी कोई आरोप पत्र जारी किया था। घोटालों की लिस्ट नहीं मिली। भाषण के दौरान उन्होंने कहा कि घोटालों की लिस्ट नहीं मिल रही है। उस दिन का आरोप पत्र किसने जारी किया। कौन इसका धनी है, इसका पता नहीं।

आज आपने जो आरोप पत्र दिया है, वह किसका है। किसने जारी किया है। किसने प्रिंट किया है। उसमें कांग्रेस का कोई नेता नहीं है। यह झूठ पत्र जारी किया गया है। आपको डर है कि प्रियंका गांधी से आपने झूठ बुलवाकर ट्वीट करा दिया। आज तक पत्र का जवाब नहीं दे पाए। ज्ञानेंद्र कौन है, कहां है, प्रियंका गांधी और आपका पूरा नेतृत्व झूठा साबित हो गया। आपको डर है कि अगर हम इस प्रकार की झूठा पत्र जारी करेंगे तो कानूनी कार्रवाई हो सकती है।

कांग्रेस करप्शन की दुकान, 15 महीने में 15000 करोड़ के घोटाले किए
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा- कांग्रेस करप्शन की दुकान है। 15 महीने के अंदर 15000 करोड़ रुपए के घोटाले कमलनाथ सरकार ने किए। मुझे नाम लेने में कोई संकोच नहीं। कमलनाथ के करीबी मिगलानी के घर छापे में करोड़ों रुपए बरामद हुए थे।

तत्कालीन मुख्यमंत्री के ओएसडी प्रवीण कक्कड़, आरके मिगलानी कौन थे। रतुल पूरी जो आपके भांजे हैं.. अश्विनी शर्मा, प्रतीक जोशी के यहां छापे की कार्रवाई की गई थी। यह कार्रवाई चार राज्यों में 52 ठिकानों पर एक साथ हुई थी। इसमें 281 करोड़ रुपए की गड़बड़ी पाई गई थी। यह पैसा ऊपर तक गया था। आपकी सरकार में मंत्री ही आरोप लगाते थे कि पैसा ऊपर तक जाता है। यह मेरा आरोप नहीं बल्कि प्रूव्ड है। अगस्ता वेस्टलैंड हेलिकॉप्टर घोटाले की दलाली में आपके भांजे रतुल पुरी का नाम उजागर हुआ।

सिंधिया समर्थक समंदर पटेल ने की कांग्रेस में वापसी

कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक नेता समंदर पटेल ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सिंधिया के करीबी माने जाने वाले समंदर पटेल इंदौर के रहने वाले हैं। वे जावद सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। पटेल तीन साल पहले 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। लेकिन भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर दोबारा कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!