न्यूज़ डेस्क

छिंदवाड़ा के परासिया में कांग्रेस ने लॉन्च की ‘नारी सम्मान योजना’: कमलनाथ बोले- मोदी और शिवराज जिस स्कूल में गए, उसे कांग्रेस ने बनाया

न्यूज़ डेस्क :

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने BJP और CM शिवराज सिंह चौहान पर हमला करते हुए कहा, 2018 में हमने वोट से सरकार बनाई, इन्होंने सौदे से सरकार बनाई। मैं मुख्यमंत्री था, सौदा कर सकता था, लेकिन मैंने कहा- कुर्सी जाना है, तो जाए। आज जब हम इनसे सवाल करते हैं, तो कहते हैं कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया? मोदी जी अगर आप स्कूल गए, तो वो स्कूल कांग्रेस ने बनाया था, शिवराज जी, अगर आप कॉलेज गए, तो वो कॉलेज कांग्रेस ने बनाया था।

कमलनाथ ने मंगलवार को छिंदवाड़ा के परासिया में ‘नारी सम्मान योजना’ लॉन्च की। कांग्रेस यह योजना शिवराज सरकार की 1000 रुपए हर महीने देने वाली ‘लाडली बहना योजना’ के मुकाबले में लाई है। कमलनाथ ने मंच से घोषणा करते हुए कहा, हमारी सरकार बनती है तो मध्यप्रदेश में जितनी भी बंद खदाने हैं, उनकी लीज निरस्त कर जमीन गरीबों को देंगे। मध्यप्रदेश में BJP के पास बचा क्या है? पुलिस, पैसा और प्रशासन। याद रखें कल के बाद परसों आता है। पुलिस, पैसा और प्रशासन का आप जो उपयोग करना चाहते हैं, 5 महीने में कर लीजिए।

कांग्रेस की स्कीम में 1500 रुपए हर महीने देने का वादा है। घरेलू गैस सिलेंडर 500 रुपए में दिया जाएगा। ‘नारी सम्मान योजना’ के फॉर्म कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर जाकर भरवाएंगे। कांग्रेस का कहना है कि मध्यप्रदेश में सरकार बनने के बाद इस योजना का लाभ महिलाओं को मिलने लगेगा। उन्हें न तो कहीं भटकने की जरूरत है, न कतार में लगने की, रजिस्ट्रेशन फॉर्म घर पर ही भरवाकर रसीद दी जाएगी। कांग्रेस का दावा है कि सरकार आने पर कांग्रेस महिलाओं को सालभर के 18 हजार रुपए (1500 × 12) देगी। सिलेंडर पर सालभर में 7200 (600 × 12) सब्सिडी देगी। इस तरह कांग्रेस महिलाओं को सालभर में 25 हजार रुपए की मदद देगी।

कमलनाथ के भाषण की प्रमुख बातें…

CM शिवराज पर…
शिवराज सिंह बेरोजगार नौजवान और किसानों की पुकार नहीं सुन सकते, इनके आंख और कान बंद हैं। इनका मुंह बहुत चलता है। शिवराज बहुत व्यस्त हैं। एक हाथ भ्रष्टाचार में, दूसरा अत्याचार में व्यस्त है। घोषणाओं और झूठ की मशीन बन गए हैं। 5 महीने में चुनाव हैं। जगह-जगह जा रहे हैं। अब यह मुख्यमंत्री शिलान्यास और भूमि पूजन मंत्री हैं। शिवराज जी, जनता को जवाब दीजिए- आपने दिया क्या‌? महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, घर-घर शराब दी, बलात्कार दिया, आदिवासी अत्याचार दिया। यह प्रदेश की तस्वीर है।

लाडली बहना योजना पर…
शिवराज ‘लाडली बहना योजना’ लाए। इन्हें 18 साल बाद लाडली बहना की याद आई। किसलिए लाए? अपना पाप धोने के लिए लाए हैं। किसानों और बेरोजगारों के साथ अन्याय किया है। मध्यप्रदेश बेरोजगारी में नंबर-1 है। 1 करोड़ नौजवान बेरोजगार घूम रहे हैं। शिवराज सिंह जी, आप अपने 18 साल के भ्रष्टाचार के पाप धोने के लिए यह योजना लाए।

महिलाओं से बोले…
आप घर में व्यस्त रहती हैं। आपको देश को भी समझना पड़ेगा। कोई ऐसा देश विश्व में नहीं, जहां इतने धर्म, जातियां, भाषाएं, त्योहार, देवी-देवता हों। यह अपना भारत है। यही भारत हमें पहचानना है। बाबा साहब अंबेडकर ने हमें संविधान दिया। अगर यही संविधान गलत हाथ में चला जाए, तो क्या होगा। आज तमिलनाडु में हिंदी का विवाद चल रहा है। पंजाब में खालिस्तान के नारे लग रहे हैं। मणिपुर में समाज को बांटा जा रहा है। आदिवासी-गैर आदिवासियों के बीच विवाद पैदा किया जा रहा है। यह चिंता का विषय है। आपको रक्षक बनना पड़ेगा हमारे देश की संस्कृति, संविधान का, केवल अपना घर नहीं देखिए, सोचिए कैसा देश हम आगे पीढ़ियों को सौंपना चाहते हैं।

पर्वतारोही मेघा परमार कांग्रेस में शामिल

मंच पर पर्वतारोही मेघा परमार ने कांग्रेस जॉइन की। कमलनाथ सरकार के दौरान मेघा को महिला एवं बाल विकास विभाग मध्यप्रदेश ने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया था। उन्होंने कहा, आज मैं कांग्रेस परिवार में प्रवेश कर रही हूं, यह मेरे जीवन का सौभाग्यशाली दिन है। भाग्यशाली हूं कि नारी सम्मान योजना की लॉन्चिंग की साक्षी हूं। एक किसान की बेटी को ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का ब्रांड एंबेसडर कमलनाथ ही बना सकते हैं। कमलनाथ घोषणाएं नहीं करते, वचन निभाते हैं।

बहू प्रियानाथ बोलीं- कमलनाथ को बनाएं मुख्यमंत्री
छिंदवाड़ा सांसद नकुलनाथ ने कहा, जब हमने नारी सम्मान योजना की शुरुआत करने का तय किया, तो मैंने कहा कि इस योजना की शुरुआत छिंदवाड़ा से होनी चाए। कमलनाथ जी ने सुंदरकांड के पाठ बाद योजना की शुरुआत की। सांसद की पत्नी प्रियानाथ ने महिलाओं को सशक्त बनाने की बात करते हुए कहा- पिता कमलनाथ जी को मुख्यमंत्री बनाएं। योजना लॉन्च के समय जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकते, पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना, गंगाप्रसाद तिवारी आदि मौजूद रहे।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!