न्यूज़ डेस्क

प्रदेश में सूरज का सितम शुरू: पारा 43 डिग्री के पार पहुंचा खजुराहो-दमोह सबसे गर्म, बड़वानी में बूंदाबांदी

न्यूज़ डेस्क :

मध्यप्रदेश में मंगलवार को गर्मी ने तीखे तेवर दिखाए। खजुराहो और दमोह में सूरज ने जैसे आग उगली। यहां पारा 43 डिग्री के पार पहुंच गया। खजुराहो में 43.5 और दमोह में 43.2 डिग्री तापमान रहा। भोपाल में लगातार दूसरे दिन पारा 40.9 डिग्री दर्ज किया गया। बादल छाने से पारे में बढ़ोतरी नहीं हुई वहीं, ग्वालियर में 41.6, इंदौर में 38.3 और जबलपुर में 40.8 डिग्री रहा। प्रदेश के 25 से ज्यादा शहरों में पारा 40 डिग्री से ज्यादा रहा। मौसम विभाग ने रात में कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी होने की बात कही है।वहीं बड़वानी में दोपहर के समय बूंदाबांदी हुई।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आसमान साफ होने की वजह से गर्मी का असर बढ़ गया। हालांकि, 18 अप्रैल से फिर से मौसम बदलेगा। इससे हल्की बूंदाबांदी और आंधी चलने की संभावना है।

सोमवार को भोपाल में दिन का तापमान 40.9, इंदौर में 39.6, ग्वालियर में 41.7 और जबलपुर में 40.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। खजुराहो प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बता दें कि रविवार को भोपाल समेत प्रदेश के कई शहरों में बारिश-आंधी हुई थी। अगले ही दिन मौसम में बदलाव देखने को मिला। बड़वानी के निवाली क्षेत्र में सुबह करीब 10 बजे आकाशीय बिजली गिरने से खेत में बंधे 4 पशुओं की मौत हो गई।

सीधी की रात सबसे गर्म
मध्यप्रदेश में सीधी की रात सबसे गर्म रही। यहां सोमवार रात का पारा 25.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। टीकमगढ़ में यह 25 डिग्री रहा। सबसे कम तापमान नरसिंहपुर में 18 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। मलाजखंड में 18.1, पचमढ़ी में 18.4, मंडला और रीवा में 19.6 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। बाकी जिलों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से ज्यादा रहा।

इन शहरों में पारा 40 डिग्री के पार
सोमवार को भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और खजुराहो समेत करीब 20 शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री के पार रहा। सतना-टीकमगढ़ में पारा 42 डिग्री, नर्मदापुरम, नौगांव, सीधी, रतलाम, उमरिया, खरगोन और मंडला में 41 डिग्री, गुना, खंडवा, शिवपुरी, रीवा और सागर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा ही रहा।

आज से मौसम बदलने के आसार
मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हुआ है। इसका असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। जिससे गर्म हवाएं मध्यप्रदेश में नहीं आ रही हैं। दूसरी ओर साउथ वेस्ट राजस्थान के ऊपर सर्कुलेशन बना हुआ है। नॉर्थ छत्तीसगढ़ से केरल तक महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक होते हुए ट्रफ लाइन भी गुजर रही है। वहीं, अरब सागर से थोड़ी सी नमी बनी हुई है। इस कारण प्रदेश में मौसम बदल गया है। 18 और 19 अप्रैल को मौसम में और भी बदलाव होगा। इससे प्रदेश के दक्षिण हिस्से यानी खंडवा, खरगोन, बड़वानी, बैतूल, हरदा, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में कहीं-कहीं गरज-चमक की स्थिति रहेगी। भोपाल में 18 और 19 अप्रैल को फिर बारिश होने के आसार है।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!