विदिशा

ओला प्रभावित गांवों में पहुंचे मुख्यमंत्री: 50% से अधिक नुकसान पर 32 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर मिलेगी राहत राशि

विदिशा डेस्क :

बारिश और ओले से खेतों में हुए नुकसान को खेतों में देखने पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने किसानों को स्पष्ट कर दिया कि किसानों की कर्ज वसूली की तारीख आगे बढ़ाई जाएगी। ब्याज भी सरकार भरेगी और अगली फसल के लिए किसानों को जीरो प्रतिशत ब्याज पर लोन भी मिलेगा। चौहान ने 50 फीसदी से अधिक नुकसान होने पर 32 हजार रु. प्रति हेक्टेयर राहत राशि देने की घोषणा भी की। मंगलवार को मुख्यमंत्री श्री चौहान गुलाबगंज क्षेत्र के ओला प्रभावित गांवों में पहुंचे।

यहां वे घुरदा गांव के खेतों में पैदल पहुंचकर नुकसानी देखी। उन्होंने कहा किसानों को चिंतित होने की जरूरत नहीं है। पीड़ित किसानों की कर्ज वसूली की तारीख तो बढ़ाई ही जाएगी और ब्याज भी सरकार ही भरेगी। अगली फसल के लिए भी जीरो प्रतिशत ब्याज पर लोन दिलाया जाएगा। सर्वे में उद्यानिकी फसलें भी शामिल होंगी। दरअसल शनिवार की रात गुलाबगंज क्षेत्र के करीब एक दर्जन गांवों में ओले गिरे थे। इससे फसलों को नुकसान पहुंचा था। इसके बाद मुख्यमंत्री घुरदा, मूड़रा गणेशपुर, पटवारी खेड़ी, मड़ी चौबीसा गांव पहुंचे और किसानों की बर्बाद फसलों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए तारीख भी बढ़ाई जाएगी।

सर्वे सिर्फ एक विभाग का नहीं बल्कि 3 विभाग मिलकर करेंगे ताकि गड़बड़ न हो
सभी तरह की फसल का सर्वे होगा। सर्वे सिर्फ एक विभाग नहीं बल्कि 3 विभाग मिलकर करेंगे। संयुक्त सर्वे से बेईमानी नहीं हो पाएगी। नुकसान के आकलन की सूची पंचायत भवन पर लगाई जाएगी। मैं किसानों के लिए ही हूं। किसान अपनी खेती में उपज के लिए अपना खून पसीना लगाता है। प्राकृतिक आपदा से किसान टूटता है। हम संकट से पार हो जाएंगे, इसलिए मैं यहां आया हूं। (पेज 20 भी पढ़ें )

मैं हर खेत नहीं पहुंच पाऊंगा इसलिए अफसरों को ईमानदारी से सर्वे के निर्देश
किसानों के नुकसान की भरपाई मुआवजा और बीमा राशि से करने की कोशिश करेंगे। जिन किसानों के खेतों में 50 फीसदी से ज्यादा नुकसान हुआ है उन्हें 32 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर मुआवजा देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने पहले ही सर्वे करने के आदेश अधिकारियों को दे दिए हैं। हर खेत में मैं नहीं पहुंच पाऊंगा, इसलिए अधिकारियों को ईमानदारी से सर्वे करने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान चिंता ना करें, हर किसान के खेत का सर्वे होगा। मैंने अफसरों से कहा है कि मानवीय दृष्टिकोण और उदारता पूर्वक सर्वे किया जाए। नुकसान लिखने में कोताही न बरती जाए।

बेटी की शादी करना है, फसल बर्बाद हो गई
लगातार बारिश और ओले गिरने से जिले के कई गांवों में किसानों की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। गुलाबगंज तहसील के मड़ी चौबीसा गांव में भी फसलों को ओला और बारिश से नुकसान पहुंचा है। गांव के लालाराम साहू ने अपने खेत में चने बोए थे। चना की कटाई की तैयारी चल रही थी तब ही बारिश हो गई। खेत में ही फसल आड़ी हो गई। लालाराम का कहना था कि वे अपनी बेटी की सगाई की तैयारी में थे। ऐसे में फसल बर्बाद हो गई। अब समझ नहीं आ रहा है कि घर का खर्चा कैसे चलेगा।

चौहान ने ये भी कहा-

प्रभावित किसान परिवारों की बेटी की शादी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में कराकर 56 हजार रु. की राशि देंगे। नुकसानी के सर्वे में उद्यानिकी फसलें भी शामिल होंगी और आकलन की सूचना पंचायत भवन में लगाई जाएगी। समर्थन मूल्य पर खरीदी की तारीख भी बढ़ेगी।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!