न्यूज़ डेस्क

मार्च में मौसम का मिजाज, प्रदेश में तेज हवा-पानी के साथ बरसे ओले: इंदौर-खंडवा में बिजली गिरने से 3 की मौत

न्यूज़ डेस्क :

मध्यप्रदेश में बेमौसम बारिश का दौर जारी है। शनिवार को भोपाल, मंदसौर, आगर-मालवा, गुना, हरदा और पन्ना समेत कई जिलों में ओले गिरे। तेज आंधी के साथ बारिश हुई। खंडवा में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। इंदौर में भी बिजली गिरने से 17 साल के 12वीं के छात्र की मौत हो गई। रतलाम के जावरा और सागर में भी तेज बारिश हुई। राजगढ़ में तेज बारिश से मंडी में रखा गेहूं बह गया। प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश खजुराहो में 1.29 इंच रिकॉर्ड हुई।

प्रदेश में 14 मार्च से दो सिस्टम एक्टिव हैं। 16-17 मार्च से सिस्टम ज्यादा स्ट्रॉन्ग हो गया। इस कारण बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। 20 मार्च तक आधे से ज्यादा मध्यप्रदेश में ऐसा ही मौसम रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों ने ओलावृष्टि होने और तेज आंधी चलने की संभावना भी जताई है।

इंदौर में 12वीं के छात्र की मौत
इंदौर के पास शिप्रा इलाके में 17 साल के नाबालिग छात्र की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। रिश्तेदारों ने बताया कि वह शनिवार शाम को खेत से घर की तरफ पैदल आ रहा था। तभी हादसा हुआ। परिजन उसे एमवाय अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरो ने मृत घोषित कर दिया। मृतक का नाम सचिन (17) पुत्र दिनेश पटेल ग्राम बीसाखेड़ी है।

भोपाल में शनिवार को सुबह से धूप खिली थी। दोपहर बाद बादल छा गए। शाम होते-होते करीब 6.30 बजे कई इलाकों में गरज-चमक और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हाे गई। इस दौरान करोंद, अयोध्या बायपास, भानपुर समेत कई क्षेत्रों में बेर के आकार के ओले भी गिरे। देर रात तक रुक-रुक कर बारिश होती रही।​​​​​​​

आज भी गरज-चमक के साथ बारिश, ओले भी गिरेंगे

रविवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन और चंबल संभाग में मौसम बदला सा रहेगा। तेज आंधी और बिजली चमकने-गरजने की संभावना भी है। प्रदेश के अन्य शहरों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। यहां बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं।

मध्यप्रदेश में तेज बारिश, ओले और तेज आंधी से गेहूं-सरसों की फसल पर संकट छा गया है। कई शहरों में हवा 75Km प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही है, तो आसमान से ओलों की बारिश हो रही है। कई शहरों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो पांच दिन से बिगड़े सिस्टम की वजह से गेहूं, चने और सरसों की फसलों पर असर पड़ा है। अगले दो दिन मौसम और बिगड़ा हुआ रहेगा। वहीं, आकाशीय बिजली चमकने और गिरने की आशंका भी रहेगी।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!