भोपाल

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय बोले- शिवराज को आशीर्वाद नहीं दिया जा सकता: कहा- उन्होंने केवल झूठे वादे किए, मोहन भागवत पर साधा निशाना

जबलपुर डेस्क :

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं, लेकिन आशीर्वाद उनको नहीं दिया जा सकता, क्योंकि उन्होंने प्रदेश के हित में कोई काम नहीं किया है। केवल झूठे वादे किए है।’ ये कहना है पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का। वह अपनी पत्नी अमृता के साथ जबलपुर में आयोजित आदिवासी सम्मेलन और आदर्श सामूहिक विवाह महायज्ञ में पहुंचे थे। इस दौरान दिग्विजय सिंह ने सीएम शिवराज सिंह से लेकर संघ प्रमुख मोहन भागवत और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर जमकर हमला बोला।

दिग्विजय सिंह ने शिवराज सरकार की लाडली लक्ष्मी योजना और लाडली बहना योजना पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहले लाडली लक्ष्मी योजना चल रही थी, कितना फायदा हुआ? उसका रिकॉर्ड क्यों नहीं देते? अब लाडली बहना योजना आ गई। दो-तीन महीने की बात है। उसके बाद कोड ऑफ कंडक्ट लग जाएगा।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि एक हजार रुपए खाते में डाल रहे हैं। दूसरी ओर गैस सिलेंडर के दाम 50 रुपए और बढ़ा दिए। जो सिलेंडर कांग्रेस पार्टी 400 रुपए में देती थी, आज वो लगभग 1150 रुपए हो गया।

आम आदमी पार्टी बीजेपी की ‘बी’ टीम

दिग्विजय सिंह ने अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी को भाजपा की ‘बी’ टीम बताया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी केवल भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए चुनाव लड़ती है। पूर्व सीएम ने कहा कि केजरीवाल बोलते थे, लोकपाल बिल ले आओ। भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा। लोकपाल बिल आ गया और केजरीवाल के दो मंत्री आज जेल में बंद है।

मोहन भागवत अब मस्जिद और मदरसे जाने लगे

दिग्विजय सिंह ने संघ प्रमुख मोहन भागवत को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का ऐसा असर हुआ कि मोहन भागवत अब मस्जिद और मदरसे जाने लगे। इसके पहले वह मस्जिद और मदरसे नहीं जाते थे। दिग्विजय ने कहा कि भाजपा अब महंगाई के बारे में भी बयान देने लगी है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद भाजपा अब घबराने लगी है।

35 नव विवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद

दिग्विजय सिंह ने जबलपुर में आदिवासी सम्मेलन और आदर्श सामूहिक विवाह महायज्ञ में 35 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा सभी नवविवाहित जोड़ों को 5 हजार की राशि मेरी तरफ से दी जाएगी। बता दें कि आदिवासी सबरी महासंघ 23 सालों से आदिवासियों के हित में विशाल आदिवासी सम्मेलन और आदर्श सामूहिक विवाह महायज्ञ का आयोजन कर रहा है। इसी कार्यक्रम में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने शिरकत की। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी जेपी अग्रवाल समेत कांग्रेस के कई नेता, जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!