पति की हत्या कर लाश सरसों के खेत में गाढ़ी: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर मारा पति, जब ससुर ने पूछा तो काम पर जाने का झूठ बोल दिया
न्यूज़ डेस्क :
मुरैना में एक पत्नी ने अपने Premi के साथ मिलकर अपने पति की गला दबाकर हत्या कर दी तथा उसके शव को सरसों के खेत में गाढ़ दिया। जब ससुर ने पूछा तो काम पर जाने का झूठ बोल दिया। एक महीने बाद पुलिस ने जब गहराई से पड़ताल की तो पूरा मामले से पर्दा उठा। पुलिस ने एक माह बाद युवक की लाश को गड्ढे में से निकलवाकर बरामद किया है तथा पत्नी व उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है।
कहते हैं कि प्रेम अंधा होता है, लेकिन इतना अंधा कि जिस पति के साथ सात फेरे लेकर जीने-मरने की कसमें खाईं हों, उसी को अपनी हवश के चलते प्रेमी के साथ मिलकर बेरहमी से मार डाला तथा उसकी लाश को सरसों के खेत में गाढ़ दिया।
यह है पूरा मामला
मुरैना के स्टेशन रोड थानार्न्तगत बुद्धपुरा गांव में रामहेत जाटव उर्फ लल्लू की अपनी पत्नी रीना से 11 वर्ष पहले शादी हुई थी। उसके बाद उनके तीन बच्चे हुए। सबसे पहले लड़का हुआ जिसकी उम्र आज 9 वर्ष है। उसके बाद एक लड़की हुई जिसकी उम्र 6 वर्ष है तथा उसके बाद एक लड़की और हुई जो अभी एक साल की है। दोनों का जीवन हंसी-खुशी से चल रहा था। रामहेत अपनी पत्नी व बच्चों को बहुत चाहता था। पेशे से मजदूर रामहेत जो भी कुछ कमाकर लाता अपनी पत्नी के हाथ में रख देता।
शराब से संबंधों में आई दरार
कुछ साल पहले रामहेत ने शराब पीना शुरु कर दिया। अपनी इस लत के कारण उसके पास रुपये पैसे की तंगी होने लगी। वह जो कुछ मजदूरी से कमाता शराब में उड़ा देता। रुपये की तंगी से आए दिन रीना व रामहेत में नोक-झोंक होने लगी तथा धीरे-धीरे यह नोक-झोंक लड़ाई झगड़े में बदल गई तथा आए दिन दोनों के बीच पैसे की कमी को लेकर झगड़ा होने लगा तथा नौबत मारपीट तक पहुंच गई। घर में कलह होने से रीना परेशान रहने लगी तथा तीन बच्चों का परिवार था, गुजारा होना मुश्किल हो गया।
20 वर्षीय सूरज कहता था मांई
रामहेत के बगल में दीवार से दीवार सटी सूरज का मकान था। 20 वर्षीय सूरज बांका नौजवान था। उसकी शादी नहीं हुई है। वह भी मजदूरी करता था। उम्र में काफी बड़ी होने के कारण सूरज रामहेत को मामा तथा रीना को मांई कहता था। सूरज कभी-कभी रामहेत के साथ मजदूरी करने जाया करता था तथा उसका रामहेत के यहां आना-जाना था। जब भी रामहेत व रीना में झगड़ा होता तथा रामहेत रीना के साथ मारपीट करता तो सूरज अपनी मांई के पास आ जाता तथा उससे सहानूभूति दर्शाता। रीना भी सूरज के साथ अपने दु:ख को बांटकर हलका महसूस करती थी। इस प्रकार सूरज रीना के दु:ख का साथी हो गया तथा धीरे-धीरे दोनों में नजदीकियां बढ़ने लगीं। सूरज की उम्र रीना से बहुत छोटी थी, लिहाजा रीना उससे भांजे के रिश्ते से मजाक भी करती थी। शुरुआत में सूरज इस मजाक को सामान्य रुप में लेने लगा, लेकिन जब रीना उससे अश्लील मजाक करने लगी तो वह भी रीना को गंभीरता से लेने लगा। अश्लीलता भरी मजाक ने धीरे-धीरे सूरज के मन को गुदगुदाना शुरु कर दिया और वह न चाहते हुए भी रीना की तरफ आकर्षित होता चला गया।
प्रेम में बदल गई मजाक, यहां से हुई शुरुआत
रीना और सूरज का अश्लील मजाक धीरे-धीरे प्यार में बदलता चला गया और वह दिन भी आया जब सूरज ने अपने दिल की बात रीना को बता दी। रीना तो इसके लिए पहले से ही तैयार बैठी थी। उसने भी आंखो ही आंखों में अपनी सहमति दे दी। फिर क्या था, सूरज को ऐसा लगा कि उसके तो पंख लग गए। उसके बाद दोनों रामहेत की गैरमौजूदगी में घंटो बातें करते रहते थे। प्यार का यह सिलसिला लगभग एक साल पहले शुरु हुआ था।
हवश ने मिटाई दूरियां
रीना व सूरज का प्यार परवान चढ़ रहा था और वह कब हवश में बदल गया, दोनों को पता ही नहीं चला। लगभग 6 माह पहले जब रामहेत घर पर नहीं था, सूरज घर में आया और उसने रीना के साथ शारीरिक संबंध बना लिए। एक बार जो शारीरिक संबंधों का चस्का सूरज को लगा तो फिर हर दिन यही कहानी दोहराई जाने लगी। दोनों मांई-भांजे का रिश्ता भूलकर मर्यादा को लांघ चुके थे और उसके बाद दोनों काफी आगे निकल चुके थे।
बच्चों ने किया भण्डाफोड़
पिछले 6 माह के अन्दर सूरज व रीना का प्यार जहां परवाना चढ़ा था वहीं दोनों आए दिन हम बिस्तर होते रहते थे। लेकिन उनकी यह रासलीला बच्चों से छिपी नहीं रह सकी तथा धीरे-धीरे यह कहानी रामहेत के कानो तक जा पहुंची। रामहेत ने रीना को पहले समझाया और जब उसने अनजान बनने का नाटक किया तो उसकी मारपीट कर दी। अब रामहेत की नजर में रीना बेबफा साबित हो चुकी थी तथा सूरज का भी भेद खुल चुका था।
प्यार में रोड़ा बना रामहेत
अपनी पत्नी की बेबफाई से आहत रामहेत रीना के साथ आए दिन झगड़ा करने लगा तथा कभी-कभी बिना बताए ही दोपहर में घर में आ धमकता था। रीना से मजदूरी पर जाने की कहकर वह जाता तथा बीच में ही लौट आता। पति की इस सतर्कता से रीना को चिंता होने लगी तथा उसे अपना भविष्य अंधकारमय दिखाई देने लगा। अब दोनों पहले की तरह खुलकर शारीरिक संबंध नहीं बना पा रहे थे, हालत यह हो गई थी कि दोनों मिल भी नहीं पा रही थी। इधर सूरज भी अपनी प्रेमिका से न मिल पाने के कारण तड़प रहा था, उधर रीना भी उससे मिलने के लिए छटपटा रही थी।
शादी का वादा किया सूरज ने
जब दोनों के बीच रामहेत रोड़ा बन गया तो सूरज ने अपना दांव फैंकते हुए रीना से कहा कि वह उससे शादी करना चाहता है। इस पर रीना ने अपने पति की आपत्ति की बात दोहराई। रीना ने सोचा कि अगर उसका पति रास्ते से हट जाए तो वह सूरज के साथ अपनी बाकी की जिंदगी आराम से काट सकती है।
रास्ते से हटाने की बनाई प्लानिंग
अब, रीना व सूरज ने रामहेत को रास्ते से हटाने की प्लानिंग बना ली थी। आखिर वह दिन भी आ गया जिसका उन्हें इंतजार था। 23 जनवरी 2023 की बात है। रामहेत शराब के नशे में धुत होकर घर में घुसा। खाना खाकर वह सो गया। रीना ने छत पर जाकर इशारे से सूरज को घर में बुलाया तथा दोनों ने रामहेत का गला दाबकर उसको मार डाला। जब रामहेत मर गया तो दोनों ने उसकी लाश को बोरे में बंद कर पास ही खेत में ले जाकर गड्ढा खोदकर गाढ़ दिया और वापस आकर इत्मीनान से बैठ गए।
पिता ने पूछा, तो कहा कि काम पर गया रामहेत
जब रामहेत तीन दिन तक घर पर नहीं लौटा तो रामहेत के पिता तुलाराम जाटव ने 26 जनवरी 2023 को अपनी बहू रीना से पूछा कि लल्लू दिखाई नहीं दे रहा है, कहां गया है। इस पर रीना ने उनसे कहा कि वह काम करने बाहर गए हैं। उसके बाद सप्ताह भर तक उन्होंने अपने बेटे का इंतजार किया लेकिन जब वह नहीं लौटा तो 3 फरवरी 2023 को स्टेशन रोड थाने में बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई तथा पुलिस ने रामहेत के आस-पड़ोस वालों से पूछताछ शुरु कर दी।
सामने आई दोनों की प्रेम कहानी
कहते हैं कि इश्क और मुश्क छिपाए नहीं छिपते। सूरज व रीना की प्रेम कहानी भी किसी से छिपी नहीं थी। पुलिस ने जैसे ही आस-पड़ोस में पूछताछ की तो दोनों की प्रेम कहानी सामने आ गई। फिर क्या था थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने सूरज को थाने बुलाया तथा जहां कड़ाई से पूछताछ की तो वह पहले तो पुलिस को टहलाता रहा लेकिन अधिक देर तक नहीं टहला सका और टूट। सूरज ने पुलिस को शुरु से लेकर अंत तक पूरी कहानी बता दी और अपना गुनाह कबूल कर लिया।
अनजान बनती रही रीना
सूरज के गुुनाह कबूल करने के बाद थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने रीना को थाने बुलाया तो वह भी ठसक के साथ थाने पहुंच गई और मामले से अनजान बनने लगी। इस पर पुलिस ने उससे कहा कि सूरज ने तो पूरी कहानी उगल दी है, अब तुम भी सच्चाई पर आ जाओ, यह सुनते ही रीना टूट गई और अपना गुनाह कबूल लिया।
गड्ढे से जब्त की लाश
सूरज की निशानदेही पर स्टेशन रोड थाना पुलिस ने सरसों के खेत में जहां रामहेत जाटव उर्फ लल्लू को गाढ़ा गया था, वहां गड्ढा खुदवाकर उसकी लाश निकाली। एक माह तक जमीन में गढ़े होने के कारण लाश सड़ चुकी थी। पुलिस ने लाश को जब्त कर पीएम के लिए भेज दिया है।



