न्यूज़ डेस्क

मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड का इंतजार खत्म: प्रदेश की राजधानी भोपाल में पारा 10 डिग्री, ग्वालियर, महाकौशल, बुंदेलखंड और बघेलखंड में रात में कंपाने वाली सर्दी

न्यूज़ डेस्क :

मध्यप्रदेश में अच्छी ठंड का इंतजार अब खत्म हो गया है। प्रदेश के ग्वालियर, महाकौशल, बुंदेलखंड और बघेलखंड में रातें कंपाने वाली हो गई हैं। यहां रात का पारा 9 डिग्री से लेकर 5 डिग्री तक पहुंच गया है। भोपाल में भी रात का पारा सामान्य से 10 डिग्री पर आ गया है। मौसम विभाग की मानें तो वातावरण में ठंड अब सेट हो गई है यानि तापमान में ज्यादा अंतर नहीं आने वाला। वहीं, दिसंबर के आखिरी सप्ताह में कड़ाके की ठंड शुरू होगी।

मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन ने बताया कि अगले 24 घंटों तक मध्यप्रदेश के मौसम में हल्की सर्दी बनी रहेगी। सुबह-शाम के साथ रात को ठंड का एहसास होगा, लेकिन 21 दिसंबर से एक बार फिर हल्के बादल आ सकते हैं। इससे रात का तापमान फिर बढ़ सकता है। ऐसे में 25 दिसंबर तक तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

दो दिन बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट
मध्यप्रदेश में आज यानि मंगलवार से दो दिन तक न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट होगी। भोपाल में यह 10 डिग्री और इंदौर में 12 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है। ग्वालियर, जबलपुर, सागर और उसके आसपास के इलाकों में तापमान 9 डिग्री या उससे नीचे रह सकता है। इंदौर, उज्जैन और उसके आसपास के न्यूनतम तापमान 14 डिग्री या उससे ज्यादा रह सकता है।

फिर बादल छाएंगे
5 दिन पहले बादलों के कारण दिन की अपेक्षा रात का तापमान बढ़ गया था। भोपाल और उसके आसपास में रात में यह 17 डिग्री सेल्सियस, जबकि ग्वालियर, चंबल, बुंदेलखंड और बघेलखंड में यह 12 से 14 डिग्री सेल्सियस चल रहा था। बादल छंटते ही शुक्रवार से मौसम में बदलाव नजर आने लगा। दिन का पारा एक डिग्री सेल्सियस से ज्यादा चढ़ गया, तो रात का पारा 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।

दिसंबर के अंत तक अच्छी ठंड की उम्मीद
21 दिसंबर के बाद फिर मौसम बदलेगा। कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है। इससे एक बार फिर से तापमान में बढ़ोतरी होगी। हालांकि अब ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं होंगे। दिसंबर के अंत तक अच्छी ठंड का एहसास होने लगेगा। दिन का पारा कई इलाकों में एक बार फिर 30 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ सकता है, जबकि रात में भी यह 15 डिग्री से ज्यादा चढ़ सकता है।

रात का पारा इंदौर में 8 डिग्री ज्यादा
प्रदेश भर में तापमान में गिरावट के बाद भी दो दिन पहले तक रात का न्यूनतम टेंप्रेचर सामान्य से 8 डिग्री सेल्सियस तक चला गया था। सबसे ज्यादा इंदौर में यह सामान्य से 8 डिग्री सेल्सियस ज्यादा 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

अभी इंदौर, खंडवा और खरगोन में यह 15 डिग्री सेल्सियस चल रहा है। बैतूल, भोपाल, धार, नर्मदापुरम, इंदौर, खंडवा, खरगोन, रतलाम, उज्जैन, छिंदवाड़ा और मंडला में यह 3 डिग्री सेल्सियस से लेकर 8 डिग्री तक सामान्य से अधिक था। अभी भोपाल, दतिया, ग्वालियर, जबलपुर, खजुराहो, नरसिंहपुर, नौगांव, रीवा, सागर, सतना, सिवनी, और उमरिया में यह सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया है।

नौगांव में पारा 6 डिग्री सेल्सियस से नीचे आया
नौगांव में सबसे कम 6 डिग्री के न्यूनतम तापमान आ गया है। पचमढ़ी, ग्वालियर, दतिया, खजुराहो और उमरिया में यह 6 से 8 डिग्री के बीच टेंप्रेचर आ गया है। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे आ चुका है। उज्जैन, रतलाम, धार, गुना, नर्मदापुरम, इंदौर, खंडवा, खरगोन, सागर और सिवनी में तापमान 10 डिग्री से 15 डिग्री के बीच है। खजुराहो और दतिया में कोहरा नजर आने लगा है। कोहरे के कारण यहां पर दृश्यता सबसे कम 1 किलोमीटर तक रह गई है।

यहां रात का पारा नीचे आने से कोल्ड वेव
मध्यप्रदेश में दिसंबर के अंत तक अच्छी ठंड की एंट्री का अंदाजा है। वैज्ञानिक सिंह ने बताया कि शहडोल, रीवा, इंदौर, ग्वालियर और चंबल संभागों में इस बार न्यूनतम तापमान अपेक्षाकृत ज्यादा ठंडे रहने वाले हैं। रात का तापमान यहां औसतन 1 से 2 डिग्री कम रहेगा। रात का तापमान ज्यादा गिरने से यहां पर कोल्ड वेव रहेगी। यानी रात और दिन में यहां शीतलहर का असर रहेगा।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!