गुनामध्यप्रदेश

ग्राम गोडिया (तरी) में आदिवासी महापंचायत सम्पन्न: समाज सुधार के 10 अहम प्रस्ताव पारित

आनंदपुर डेस्क :

ग्राम गोडिया (तरी) में आदिवासी महापंचायत का आयोजन किया गया। महापंचायत में समाज से जुड़े 10 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा कर सर्वसम्मति से कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में गुना, विदिशा, राजगढ़, झालावाड़, शाजापुर एवं सारंगपुर क्षेत्रों से आदिवासी समाज के सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि समाज की एकजुटता से ही सकारात्मक परिवर्तन संभव है।


महापंचायत में फिजूलखर्ची और सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाने का संकल्प लिया गया। निर्णय अनुसार अब विवाह एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में डीजे व कंजरी पर प्रतिबंध रहेगा। जन्मदिन सहित अन्य आयोजनों को भी सादगी से मनाने की अपील की गई। मृत्यु भोज में सादा एवं सीमित भोजन रखने का निर्णय लिया गया।

इसके अतिरिक्त ‘पहरावनी’ एवं पूजन कार्यक्रमों में बर्तन देने की परंपरा बंद करने पर सहमति बनी। नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता बढ़ाने तथा इसे चरणबद्ध रूप से समाप्त करने का संकल्प लिया गया। समाज के छोटे-मोटे विवाद गांव की समिति और सामाजिक कार्यकर्ताओं के माध्यम से सुलझाए जाएंगे, ताकि अनावश्यक कानूनी विवादों से बचा जा सके।
दहेज प्रथा पर रोक लगाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। तय किया गया कि दूल्हा पक्ष की ओर से किसी प्रकार की मांग नहीं होगी तथा बारात रात्रि 10 बजे से पहले पहुंचेगी। विवाह समारोह में खर्च की राशि सीमित रखने पर भी सहमति बनी।

आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग करने तथा समाज स्तर पर पढ़ाई की व्यवस्था सुदृढ़ करने का निर्णय लिया गया। साथ ही सभी गांवों में समय-समय पर सम्मेलन आयोजित करने पर जोर दिया गया।
समिति की ओर से बताया गया कि इन निर्णयों का उद्देश्य समाज में सुधार, एकता और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया गया।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!