आनंदपुर में कथा समापन पर स्वामी मैथिलीशरण को भेंट की गई विशेष ऑयल पेंटिंग: कवि-चित्रकार कालूराम राव की कला की सराहना

आनंदपुर डेस्क :
श्रीराम कथा के भव्य समापन अवसर पर क्षेत्र के प्रसिद्ध कवि एवं चित्रकार कालूराम राव (कालू पेंटर) ने कथावाचक स्वामी मैथिली शरण दास जी महाराज को उनकी जीवंत ऑयल पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही भगवान भोले शंकर की एक आकर्षक पेंटिंग भी अर्पित की गई, जिसकी स्वामी जी ने खुले मंच से प्रशंसा करते हुए कलाकार की प्रतिभा को अद्भुत बताया।
कालूराम राव ने बताया कि उन्हें यह पेंटिंग बनाने की प्रेरणा सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट आनंदपुर के डायरेक्टर डॉ. विष्णुभाई जोबनपुत्रा की धर्मपत्नी भारती बेन जोबनपुत्रा से मिली। उन्होंने बिना किसी संकोच के पेंटिंग तैयार कराने का आग्रह करते हुए कहा कि जितना भी खर्च आए, वे सहयोग करेंगी और महाराज जी को यह भेंट अवश्य दी जाए। इसके बाद कालू पेंटर ने लगातार दो दिन की मेहनत से स्वामी मैथिलीशरण जी तथा भगवान शिव की ऑयल पेंटिंग तैयार कर समर्पित की।

पेंटिंग भेंट करते समय स्वामी जी की नजर चित्र पर लिखे कलाकार के नाम के आगे “कवि” शब्द पर गई। जिज्ञासा होने पर उन्होंने कालूराम से कविता सुनाने का आग्रह किया। इस पर कलाकार ने अपनी प्रसिद्ध गौ-रक्षा पर आधारित कविता सुनाई, जिसे सुनकर स्वामी जी भावुक हो उठे और कहा कि छोटे से क्षेत्र में एक ही व्यक्ति में कला और काव्य की दोहरी प्रतिभा विरले ही देखने को मिलती है।
कालूराम राव ने बताया कि उन्हें मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा वल्लभ भवन में छह माह का पेंटिंग प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिला था। पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा का भी उन्हें विशेष स्नेह मिला और उनके कार्यकाल में उनकी पुस्तक “रोटी और पेंटिंग” प्रकाशित हुई, लेकिन आर्थिक सहयोग के अभाव में वे आगे बड़े स्तर पर कार्य नहीं कर पाए।
इस अवसर पर मंदिर ट्रस्टी रवि उपाध्याय, संजय चौरसिया, नितिन भार्गव सहित अन्य श्रद्धालु एवं मित्रगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कलाकार की प्रतिभा की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।



