न्यूज़ डेस्क

संघ प्रमुख्य मोहन भागवत बोले- दलितों के बीच जाकर ज्यादा काम करें कार्यकर्ता: गुरुद्वारा, चर्च और मस्जिदों में भी जाएं

2025 तक हर गांव में शाखा खोलने का लक्ष्य

न्यूज़ डेस्क :

लखनऊ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत का 3 दिवसीय प्रवास का रविवार 24 सितंबर को आखिरी दिन है। प्रवास के दूसरे दिन भागवत ने कार्यकर्ताओं से दलित और गैर हिंदुओं के बीच जाकर ज्यादा काम करने को कहा। साथ ही गुरुद्वारा, चर्च और मस्जिदों में जाकर लोगों से संपर्क करने की बात भी कही।

शनिवार 23 सितंबर को भागवत ने अवध प्रांत के पदाधिकारियों और प्रचारकों के साथ बैठक की। साल 2025 संघ का शताब्दी वर्ष है। तब तक भारत के हर गांव में संघ की शाखा खड़ी करने का लक्ष्य रखा गया।

शताब्दी वर्ष को लेकर संघ की योजना पर मंथन किया। संघ प्रमुख ने शताब्दी वर्ष में हर गांव में संघ की शाखा और मिलन कार्यक्रम को लेकर योजना तैयार करने के निर्देश दिए। लखनऊ में भागवत की मौजूदगी में हुई बैठक में 26 जिलों की कार्यकारिणी शामिल हुई।

अब दलितों तक अपनी पहुंच बढ़ाने की तैयारी
भागवत के इस दौरे को दलितों तक अपनी पहुंच बढ़ाने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। दलित बस्तियों में शाखाएं लगाने जैसे काम‚ उनकी समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करने के लिए कैंप लगाने की भी योजना तैयार की जा रही है, ताकि दलित और आदिवासी बस्तियों में RSS का प्रचार-प्रसार किया जा सके।

यह योजना भी बनाई जा रही है कि जो अब तक अछूते हैं और मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलीं‚ उन तक ये सब पहुंचाया जाए।

संघ के शताब्दी दिवस और विस्तार के मुद्दे पर चर्चा
मोहन भागवत अवध में संघ के विस्तार के साथ ही शताब्दी दिवस की तैयारी को लेकर चर्चा कर रहे हैं। इसके साथ ही अवध प्रांत के पदाधिकारियों के साथ राष्ट्रवाद के मुद्दों को धार देने और हिंदुत्व के मुद्दे पर मंथन चल रहा है।

आगामी कार्ययोजना भी की जा रही तैयार
अवध प्रांत में 13 प्रशासनिक जिले‚ 26 संघ जिले‚ 174 खंड‚ 1819 मंडल हैं। वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्रों में 1765 और शहरी क्षेत्रों में 442 से ज्यादा शाखाएं चल रही हैं। शाखा के अतिरिक्त साप्ताहिक मिलन और मासिक मंडली के रूप में संघ का काम लगभग सभी न्याय पंचायतों तक पहुंच गया है।

अब अवध प्रांत में संघ के कामकाज की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना भी तैयार की जा रही है। अवध प्रांत की कुटुंब बोधन‚ पर्यावरण संरक्षण‚ धर्म जागरण‚ ग्राम विकास‚ सामाजिक समरसता और गौ सेवा गतिविधियों की भी समीक्षा हो रही है।

पहले दिन CM योगी से मिले संघ प्रमुख
प्रवास के पहले दिन शुक्रवार 22 सितंबर को संघ प्रमुख ने CM योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। ऐसा माना जा रहा है कि दोनों में संघ के विस्तार, राष्ट्रवाद, लव जिहाद, धर्मांतरण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने संघ प्रमुख को प्रदेश सरकार के कामकाज, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह सहित सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। CM योगी और मोहन भागवत के बीच यह मुलाकात 45 मिनट तक चली।

संघ के टॉप लीडरशिप में महिलाओं को शामिल करने की तैयारी
संघ से जुड़े लोग बताते हैं कि संघ की जब स्थापना हुई थी, उस वक्त संघ के विचारों के प्रचार-प्रसार के लिए घर के पुरुष सदस्यों से ही बातचीत होती है। अब महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों की बराबरी कर रही हैं। ऐसे में अगर पुरुष पदाधिकारियों के बराबर महिला पदाधिकारी भी संघ की जिम्मेदारी निभाएं तो अच्छी पहल होगी।

लखनऊ में संघ प्रमुख और भाजपा के बीच शुक्रवार को बैठक हुई। लोकसभा चुनाव को देखते हुए RSS के साथ मिलकर काम करने की चर्चा हुई। परिवेश बढ़ाने और नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई। संघ प्रमुख ने भी समझा कि अवध प्रांत में महिलाओं की सहभागिता को कैसे बढ़ावा दिया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!