मध्यप्रदेश

दिग्गी राजा पर भड़के लक्ष्मण सिंह: कहा-EVM का डेमो देने की क्या जरूरत थी; EVM खराब, तो हिमाचल में कैसे जीते?

गुना डेस्क :

कांग्रेस के सीनियर नेता और पूर्व विधायक लक्ष्मण सिंह ने एक बार फिर अपने बड़े भाई दिग्विजय सिंह और कांग्रेस पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दिग्विजय सिंह को लेकर कहा कि उन्हें EVM का डेमो देने की क्या जरूरत थी। साथ ही ये भी कहा- राहुल गांधी तय कर लें कि कांग्रेस पार्टी दलालों से चलेगी या कार्यकर्ताओं से चलेगी?

लक्ष्मण सिंह शुक्रवार को गुना के कुंभराज पहुंचे थे। जहां उन्होंने गणतंत्र दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।

EVM खराब, तो हिमाचल में कैसे जीते?

लक्ष्मण सिंह ने EVM के पक्ष में कहा, ‘हम कई साल से कह रहे हैं कि EVM खराब है। EVM को लाया कौन? हम लाए। सारी EVM खराब हैं, कौन मानेगा। कांग्रेस हिमाचल में कैसे जीत गई। पिछले चुनाव में राजस्थान में सरकार बनी। MP में हमारी ही सरकार बन गई थी, फिर गिर गई। तब EVM पर क्यों सवाल नहीं उठा।’

उन्होंने कहा, ‘कुछ मशीनें खराब हो सकती हैं, लेकिन सारी मशीन खराब हैं, सारा दोष EVM पर.. ये गलत है। हम कुछ छिपा रहे हैं। आने वाले लोकसभा चुनाव में अपने कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरा रहे हैं। यह कह कर कि EVM ही खराब है। कौन काम करेगा लोकसभा में कि भैया EVM ही खराब है, क्यों मेहनत करें।’

अपने बड़े भाई को लेकर उन्होंने कहा- ‘क्या जरूरत थी डेमो देने की। क्या EVM ने कहा था कि सांसद निधि यहां देना। क्यों ऐसी जगह दी गई, जहां कांग्रेस चुनाव हारी है।’

दिग्विजय सिंह ने दिया था EVM में गड़बड़ी का डेमो

बता दें, दिग्विजय सिंह ने 3 दिन पहले भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इसमें आईआईटीयन अतुल पटेल ने EVM और वोटर वेरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल (VVPAT) में गड़बड़ी का डेमो दिया था।

कांग्रेस दलालों से चलेगी या कार्यकर्ताओं से, राहुल गांधी तय कर लें
लक्ष्मण सिंह ने कहा, ‘मुझे बड़ा बुरा लगता है कि दिग्विजय का नाम मिस्टर बंटाढार रखा है। जनता की सेवा की, विकास किया, लेकिन बंटाढार नाम क्यों चल रहा है। बंटाढार नाम लेने से भाजपा को क्यों वोट मिलते हैं। ऐसा इसलिए हो रहा है कि दलाल इनको छोड़ने वाले नहीं हैं। दलालों को बिठाने का काम आप और हम सब मिलकर करेंगे। ये तय कर लें कि दलालों की सुनना है या कार्यकर्ताओं की।

लक्ष्मण सिंह ने कहा- पदयात्रा में राहुल गांधी आएंगे। मेरा वीडियो राहुल गांधी और कांग्रेस को जरूर भेजना। वो तय कर लें कि कांग्रेस पार्टी दलालों से चलेगी या कार्यकर्ताओं से चलेगी या उन नेताओं से चलेगी, जो गुमराह हो चुके हैं और सत्ता के दलालों के कहने पर चल रहे हैं।’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!