मध्यप्रदेश

इंदौर में नायता मुंडला इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) से बसों का संचालन तो शुरू

इंदौर डेस्क :

22 करोड़ रुपए से तैयार नायता मुंडला इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) से सोमवार से बसों का संचालन तो शुरू कर दिया, लेकिन टिकट बुकिंग के लिए पोर्टल अपडेट न होने से यात्री परेशान होते रहे। पहले दिन अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (एआईसीटीएसएल) ने महाराष्ट्र रूट की 12 बसें यहां से चलाईं।

अहमदाबाद की ओर आने-जाने वाली 2 बसों ने भी यहीं से संचालन किया। हंस, इंटरसिटी और चौहान ट्रेवल्स ने भी अपनी बसें यहां से चलाईं। सुबह 6.30 बजे पहली बस यहां पहुंची। यहां बसों के लिए 15 डॉकिंग स्टेशन हैं। यानी एकसाथ 15 बसें खड़ी हो सकती हैं। 60 बसों के लिए पार्किंग व्यवस्था है।

सुबह एआईसीटीएसएल के सीईओ दिव्यांक सिंह, एआरटीओ अर्चना मिश्रा पहुंचे। उन्होंने बस ऑपरेटर और ऑटो रिक्शा ड्राइवर्स से बात की। आईएसबीटी प्रभारी राहुल श्रोत्रिय बस स्टैंड की क्षमता और व्यवस्थाओं की जानकारी देते रहे। पहली मंजिल पर बस ऑपरेटर्स के ऑफिस की व्यवस्था की है। ऑफिस टेंडर प्रक्रिया से अलॉट होंगे। ऑटो रिक्शा स्टैंड भी बनाया है। ऑटो रिक्शा सुबह 6 बजे से यहां पहुंच गए थे। सिटी बसें भी मौजूद थीं।

4 दिन में अपडेट होगा पोर्टल, अभी बुकिंग पर सिटी बस कंपनी और ट्रेवल संचालक बता रहे कहां से मिलेगी बस

Q. नायता मुंडला आईएसबीटी तक शहर से यात्री कैसे पहुंचेंगे?

A. यात्रियों के पिकअप और ड्रॉप के लिए यहां पूरे समय ऑटो, ई-रिक्शा और सिटी बसें मौजूद रहेंगे। परिवहन विभाग ने निजी बस ऑपरेटर्स और ऑटो रिक्शा ड्राइवर्स एसोसिएशन को पहले ही सूचना दे दी है।

Q. पोर्टल में नायता मुंडला लोकेशन कब अपडेट होगी?

A. चार्टर्ड बस की मोबाइल एप्लीकेशन और निजी बस ऑपरेटरों के बुकिंग पोर्टल में नायता मुंडला की लोकेशन फिलहाल अपडेट नहीं हुई है। अफसरों के मुताबिक 3-4 दिन में पोर्टल पर पिकअप और ड्रॉप लोकेशन में आईएसबीटी भी दिखने लगेगा। बुकिंग करने वाले सभी यात्रियों को इसकी सूचना ट्रेवल्स और सिटी बस कंपनी की ओर से दी जा रही है। यहां प्रीपैड बूथ काउंटर भी खोला जाएगा।

Q. यहां से कितनी बसें किन शहरों या राज्यों के लिए चलेंगी?

A. यहां से चरणबद्ध तरीके से बसों को शुरू किया जाएगा। महाराष्ट्र की ओर आने-जाने वाली बसों की संख्या करीब 600 है। तय फॉर्मूले के तहत शुरू में 30 फीसदी बसों को यहां से चलाया जाएगा। प्रदेश के साथ ही राजस्थान और गुजरात के प्रमुख शहरों के लिए भी बसें अगले चरण में यहीं से संचालित होंगी।

Q. पिकअप-ड्रॉप के लिए सिटी बसें कितनी तैनात रहेंगी?

A. निगम प्रशासन ने 22 नंबर की बसों का रूट नायता मुंडला की ओर मोड़ा है। इस रूट की 12 से 15 बसें चलती हैं, जो सिल्वर स्प्रिंग से रेलवे स्टेशन तक चलती है। 34 नंबर रूट की 12 बसें भी नायता मुंडला से होते हुए निकलेंगी। यह बसें राजबाड़ा होते हुए अरबिंदो तक जाती हैं।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!