विदिशा

गंजबासौदा विधायक लीना जैन का वाहन बुधवार देर शाम करीब 7:30 बजे दुर्घटनाग्रस्त, 1 की मौत 5 घायल

विदिशा डेस्क :

गंजबासौदा विधायक लीना जैन का वाहन बुधवार देर शाम करीब 7:30 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ग्यारसपुर-बासौदा के बीच हुए हादसे में विधायक लीना जैन सहित पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल विधायक की सास का निधन हो गया है। कार में कुल छह लोग सवार थे। घायलों को विदिशा मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है।

विधायक लीना जैन अपनी सास प्रेमा बाई (85) व परिवार के अन्य लोगों के साथ ग्यारसपुर के मंदिर जा रही थीं। ग्यारसपुर और बागरोद के बीच सड़क पर गाय का शव पड़ा था। इसे बचने के दौरान कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। गाड़ी में सवार विधायक, उनकी सास प्रेमा बाई, बहू मान्या जैन, दो बच्चियों सहित ड्राइवर बंटी यादव घायल हो गए। विधायक कार में आगे बैठी थीं। गाड़ी के एयर बैग खुलने से उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। उनकी सास के सिर में गंभीर चोट लग गई। देर रात विधायक की सास के शव का पोस्टमार्टम किया गया।

विदिशा मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर उनकी सास की उपचार के दौरान मौत हो गई। विधायक सहित सभी घायलों का विदिशा में उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी लगते ही कलेक्टर उमाशंकर भार्गव, एसपी मोनिका शुक्ला सहित अन्य आला अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। भाजपा के नेता भी बड़ी संख्या में मेडिकल कॉलेज के बाहर पहुंचे। देर रात तक अफसर इस मामले में कुछ भी कहने से बचते नजर आए।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!