जयपुर

राजस्थान को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए संकल्पित राज्य सरकार ः मुख्यमंत्री – मुख्यमंत्री ने निमाज गांव में ‘राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल गतिविधियों का किया अवलोकन’ – ग्राम पंचायत पर खो-खो की विजेता टीम को किया सम्मानित

जयपुर डेस्क :

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार कृत संकल्पित है। राज्य में खेलों की दृष्टि से ‘राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल‘ का आयोजन अभिनव प्रयोग है। ‘खेलेगा राजस्थान-जीतेगा राजस्थान‘ थीम को लेकर 29 अगस्त से प्रदेश की हर ग्राम पंचायत में खेल गतिविधियां शुरू की गई। अब जल्द ही शहरी क्षेत्रों में भी ओलंपिक खेल आयोजित किए जाएंगे। इससे प्रदेश में खेलों का ऐतिहासिक माहौल बनेगा। 

मुख्यमंत्री ने पाली जिले के जैतारण ब्लॉक की निमाज ग्राम पंचायत में बुधवार को राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों और ग्रामीणों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलों के जरिए सौहार्द्र, सद्भाव और भाईचारा बढ़ रहा है। साथ ही ग्रामीण प्रतिभाओं को राज्य स्तरीय मंच मिल रहा है।

गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर रही हैं। सरकार द्वारा लगभग 229 खिलाड़ियों को आउट-ऑफ-टर्न सरकारी नियुक्तियां दी गई है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों में विभिन्न आयु वर्गाें के लगभग 30 लाख खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया। इनमे से 10 लाख से अधिक महिलाएं है, जो कि राज्य का खेलों के प्रति रूचि का प्रमाण है।

खो-खो विजेता टीम को किया सम्मानित 

मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत स्तरीय खो-खो विजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया और सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस दौरान उन्होंने हॉकी मैच के खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर और हॉकी स्टिक से शॉट लगाकर खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की। इस अवसर पर उन्होंने मार्च पास्ट की सलामी लेते हुए खिलाड़ियों के अनुशासन की सराहना भी की। 

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री व पाली जिले के प्रभारी मंत्री टीकाराम जूली ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों का मेले की तरह माहौल है। इनमें उम्र की कोई सीमा नहीं है एवं सभी आयु वर्गों के लोग उत्साहित होकर मैदान में उतर रहे हैं। प्रभारी मंत्री ने जिले में प्रत्येक ग्राम पंचायत पर ‘खेलो पाली‘ नवाचार के तहत खेल स्टेडियम बनाए जाने पर जिला कलक्टर की सराहना भी की।

कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा व आयुर्वेद राज्य मंत्री डॉ. सुभाष गर्ग, पूर्व मुख्य सचिव व मुख्यमंत्री सलाहकार निरंजन आर्य, मारवाड़ जंक्शन विधायक खुशवीर सिंह जोजावर, जैतारण विधायक अविनाश गहलोत, निमाज सरपंच श्रीमती दिव्या कुमारी, पूर्व मंत्री सुरेंद्र गोयल, पूर्व उप मुख्य सचेतक दिलीप चौधरी, शासन सचिव, खेल नरेश ठकराल, जिला कलक्टर नमित मेहता, जिला पुलिस अधीक्षक गगनदीप सिंगला सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक उच्चाधिकारी मौजूद रहे। 

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!