विदिशा

आनंदपुर में संघ का पथ संचलन, कदमताल करते निकले 100 स्वयंसेवक

आनंदपुर डेस्क :

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के खंड आनंदपुर के स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में अनुशासित कदमताल करते हुए पथ संचलन निकाला। शासकीय पीएम श्री विद्यालय परिसर से शुरू हुआ संचलन गांव के प्रमुख मार्गों और मुख्य बाजार से होकर गुजरा। इसके बाद वापस विद्यालय परिसर पहुंचकर समापन हुआ। कार्यक्रम में खंड सह संघचालक संजय चौरसिया सहित लगभग 100 स्वयंसेवक शामिल हुए।

पथ संचलन से पहले विद्यालय परिसर में भारत माता और डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित किए गए। इसके बाद बौद्धिक सत्र आयोजित हुआ, जिसमें सिरोंज से पधारे संघ प्रचारक काशी जी ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया।

 

संघ पर तीन बार प्रतिबंध लगे, स्वयंसेवकों ने नहीं मानी हार

प्रचारक काशी जी ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर तीन बार प्रतिबंध लगाए गए, लेकिन स्वयंसेवकों ने हार नहीं मानी। तीनों बार प्रतिबंध हटाए गए। यह संघ के स्वयंसेवकों के समर्पण, संगठन की शक्ति और एकता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि संघ एक निश्चित लक्ष्य और मिशन के साथ कार्य करता है तथा इसी उद्देश्य के साथ संगठन अपने 101वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज में समरसता का भाव मजबूत करने की आवश्यकता है। हिंदू समाज को आपसी भेदभाव से ऊपर उठकर एकता के साथ आगे बढ़ना चाहिए। हिंदू-हिंदू भाई-भाई की भावना को आत्मसात कर समाज को संगठित करने में प्रत्येक स्वयंसेवक को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

स्वच्छता को संकल्प बनाएं, इंदौर से लें प्रेरणा

बौद्धिक सत्र में उन्होंने स्वच्छता का उदाहरण देते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान ने देशभर में जागरूकता पैदा की है। इंदौर इसका प्रमुख उदाहरण है, जहां लोगों ने स्वच्छता को संकल्प बनाकर शहर की पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति और समाज किसी लक्ष्य को प्राप्त करने का दृढ़ निश्चय कर लें, तो कोई भी कार्य असंभव नहीं है। प्रत्येक नागरिक को स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।
पथ संचलन के दौरान स्वयंसेवकों का अनुशासन और एकजुटता आकर्षण का केंद्र रहा। विद्यालय परिसर में कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके बाद सभी स्वयंसेवकों ने अल्पाहार ग्रहण किया।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!