सहरिया बस्ती में पोषण माह का शानदार शुभारंभ, ग्रामीणों ने लिया स्वस्थ परिवार का संकल्प,

आनंदपुर डेस्क :
लटेरी तहसील की ग्राम पंचायत खेर खेड़ी कला की सहरिया बस्ती में बुधवार को पोषण माह का शुभारंभ उत्साह और जनभागीदारी के साथ किया गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता प्रार्थना जादौन ने ग्रामीणों, महिलाओं, बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं को पोषण माह के उद्देश्य और महत्व की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस दौरान सही पोषण अपनाने, कुपोषण दूर करने और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सामुदायिक सहभागिता पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पोषण शपथ के साथ हुई। उपस्थित ग्रामीणों ने बच्चों और माताओं को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने, स्वच्छता बनाए रखने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने का संकल्प लिया। इसके बाद “सही पोषण–देश रोशन” और “कुपोषण को दूर भगाएं, पोषणयुक्त आहार अपनाएं” जैसे नारों के साथ जागरूकता रैली निकाली गई।
कार्यकर्ता ने ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य सामग्री जैसे दाल, चना, मूंगफली, हरी सब्जियां और मोटे अनाज को दैनिक भोजन में शामिल करने की सलाह दी। स्थानीय पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन कर कम लागत में संतुलित एवं पौष्टिक भोजन तैयार करने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में पोषण वाटिका विकसित करने के लिए हरी सब्जियों और पौष्टिक पौधों के रोपण का संदेश दिया गया। किशोरियों एवं माताओं के साथ आयरनयुक्त आहार, स्वच्छता और एनीमिया से बचाव पर चर्चा हुई। बच्चों ने फल-सब्जियों की पहचान, रंग पहचान, चित्रकला, पोषण गीत और नारों जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वहीं चिन्हित एसएएम. एमएएम. बच्चों के अभिभावकों को विशेष रूप से पौष्टिक आहार, स्वास्थ्य देखभाल और नियमित फॉलोअप के संबंध में समझाइश दी गई। दीवार लेखन के माध्यम से भी ग्रामीणों को पोषण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम ने बस्ती में पोषण और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर सकारात्मक माहौल बनाया।



