मध्यप्रदेश

दतिया उपचुनाव: भाजपा ने आशुतोष तिवारी पर लगाया दांव, नारोत्तम मिश्रा का कटा टिकट; कांग्रेस में भी सियासी हलचल तेज

न्यूज़ डेस्क :

दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर मध्य प्रदेश की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व गृह मंत्री डॉ. नारोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं देते हुए एम.पी. हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता आशुतोष तिवारी को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी के इस फैसले के बाद दतिया में सियासी हलचल तेज हो गई है। टिकट की उम्मीद लगाए बैठे समर्थकों में नाराजगी देखने को मिली और व्यापारियों ने विरोध स्वरूप बाजार बंद कर प्रदर्शन की चेतावनी दी है।

डॉ. नारोत्तम मिश्रा उपचुनाव की घोषणा के बाद लगातार जनसभाएं कर रहे थे। उन्होंने कई सभाओं में जनता से अपनी पुरानी गलतियों के लिए सार्वजनिक रूप से क्षमा भी मांगी थी। उन्होंने नामांकन पत्र भी खरीद लिया था और शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने की चर्चा थी, लेकिन पार्टी ने अंतिम समय में उम्मीदवार बदल दिया।

आशुतोष तिवारी इससे पहले वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में सेवढ़ा सीट से टिकट के दावेदार रहे थे। वे भाजपा के संभागीय संगठन मंत्री रह चुके हैं और वर्तमान में मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन (कैबिनेट मंत्री दर्जा) के पद पर कार्यरत हैं।

कांग्रेस में भी बढ़ी हलचल

उधर, कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को 27 वर्ष पुराने एफडी हेराफेरी मामले में अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो चुकी है। अदालत ने उन्हें विभिन्न धाराओं में सजा सुनाई है, हालांकि अपील के लिए 60 दिन का समय देते हुए सजा पर फिलहाल रोक दी गई है। इसके बावजूद विधानसभा सचिवालय ने उनकी सदस्यता समाप्त कर दी, जिसके चलते दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।
राजेंद्र भारती ने अपनी सदस्यता समाप्त किए जाने को चुनौती देते हुए सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन उनकी याचिका खारिज हो गई। इसके बाद कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि पार्टी जिस भी उम्मीदवार को मैदान में उतारेगी, उसके समर्थन में पूरी ताकत से चुनाव लड़ा जाएगा।

अब तक नामांकन की स्थिति

निर्वाचन प्रक्रिया के तहत अब तक 13 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं, जबकि 4 उम्मीदवार अपने नामांकन दाखिल कर चुके हैं। आने वाले दिनों में प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के नामांकन के साथ चुनावी मुकाबला और रोचक होने की संभावना है।

दतिया उपचुनाव का कार्यक्रम

अधिसूचना जारी: 6 जुलाई 2026
नामांकन की अंतिम तिथि: 13 जुलाई 2026
नामांकन पत्रों की जांच: 14 जुलाई 2026
नाम वापसी की अंतिम तिथि: 16 जुलाई 2026
मतदान: 30 जुलाई 2026
मतगणना: 3 अगस्त 2026

दतिया उपचुनाव में भाजपा द्वारा उम्मीदवार बदलने और कांग्रेस में कानूनी घटनाक्रम के बाद मुकाबला पूरी तरह राजनीतिक प्रतिष्ठा का बन गया है। अब दोनों प्रमुख दल चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में हैं, जिससे आने वाले दिनों में दतिया की सियासत और गर्म होने के आसार हैं।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!