अंबेडकर प्रतिमा प्रकरण: भीम आर्मी-आजाद समाज पार्टी का 2 सप्ताह का अल्टीमेटम, नई प्रतिमा नहीं लगी तो 1 जुलाई से होगा आंदोलन

आनंदपुर डेस्क :
ग्राम कालादेव में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में भीम आर्मी भारत एकता मिशन एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के नेतृत्व में बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों कार्यकर्ता एवं समाजजन उपस्थित रहे। संगठन ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा नई प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि ग्राम कालादेव में असामाजिक तत्वों द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करना केवल एक प्रतिमा का नुकसान नहीं, बल्कि करोड़ों बहुजन, दलित, शोषित और वंचित वर्ग की भावनाओं पर सीधा आघात है। इस घटना से क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया गया है।

दो सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो होगा तहसील स्तरीय आंदोलन
कार्यक्रम के दौरान भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी के संभागीय उपाध्यक्ष गब्बर सिंह सिरोंज ने प्रशासन को दो सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि 14 दिनों के भीतर दोषियों की गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ दंडात्मक एवं कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तथा नई प्रतिमा स्थापित नहीं कराई गई, तो संगठन 1 जुलाई से तहसील स्तर पर व्यापक धरना-प्रदर्शन और जनआंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से किया जाएगा।
ज्ञापन में रखीं चार प्रमुख मांगें

थाना प्रभारी आनंदपुर कला के नाम सौंपे गए ज्ञापन में संगठन ने चार प्रमुख मांगें रखीं। इनमें प्रतिमा खंडित करने वाले आरोपियों की तत्काल पहचान कर गिरफ्तारी, उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई, प्रशासनिक देखरेख में सम्मानपूर्वक नई प्रतिमा की स्थापना तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग शामिल है।
“जय भीम-जय संविधान” के नारों से गूंजा क्षेत्र
विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “जय भीम” और “जय संविधान” के नारे लगाए तथा घटना की निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की। संगठन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भीम आर्मी भारत एकता मिशन, आजाद समाज पार्टी तथा स्थानीय समाजजन मौजूद रहे। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा और नाराजगी का माहौल बना हुआ है।



