कुएं में जिंदा दफन हुए 5 मजदूर: मिट्टी धंसने से मची चीख-पुकार, 3 घंटे तक नहीं पहुंची मदद

न्यूज़ डेस्क :
पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र के बीहरपुरवा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में कुएं की खुदाई कर रहे 5 मजदूरों की मिट्टी में दबकर मौत हो गई। विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य के दौरान अचानक कुएं की गीली मिट्टी भरभराकर ढह गई, जिससे मजदूर जिंदा दफन हो गए। मृतकों में आशीष यादव, राजकुमार यादव, रामपाल यादव, चुन्नू यादव और चुनवाद पाल शामिल हैं। इनमें चार मजदूर एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद करीब तीन घंटे तक प्रशासनिक अमला मौके पर नहीं पहुंचा, जिसके चलते गांववालों ने खुद जेसीबी बुलाकर रेस्क्यू शुरू किया। परिजन का कहना है कि यदि समय रहते राहत कार्य शुरू हो जाता तो मजदूरों की जान बच सकती थी। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

परिजनों ने सरपंच पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कुआं पहले से ही खतरनाक स्थिति में था और मजदूर वहां काम करने से डर रहे थे। इसके बावजूद ज्यादा मजदूरी का लालच देकर उन्हें काम पर लगाया गया। हादसे की सूचना मिलने पर कलेक्टर ऊषा परमार मौके पर पहुंचीं और जांच के साथ दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिया। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए सहायता राशि देने की घोषणा की है।




