
न्यूज़ डेस्क :
मध्यप्रदेश के रायसेन में एक ट्रक बारात में घुस गया। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। जबकि 11 लोग घायल हो गए। इनमें से 4 लोगों की हालत गंभीर हैं। 7 घायलों को रायसेन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं 4 गंभीर घायलों को भोपाल एम्स भेजा गया है।
हादसा सुल्तानपुर के पास खमरिया गांव में सोमवार रात करीब पौने 9 बजे हुआ। कलेक्टर अरविंद दुबे ने बताया कि प्रारंभिक सूचना के मुताबिक सड़क किनारे पर एक बारात निकल रही थी। तभी एक ट्रक रॉन्ग साइड से ओवर टेक कर रहा था। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से उसने बारात को अपनी चपेट में ले लिया।

पूर्व सरपंच की बेटी की है शादी
गांव में पूर्व सरपंच रघुवीर अहिरवार की लड़की शिवानी की शादी थी। यहां नर्मदापुरम जिले के आंचलखेड़ा से बारात आई थी। बताया जा रहा है कि बारात में साइड में लाइट पकड़ने वाले लोग ट्रक की चपेट में आए। इनमें से 5 लोगों ने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर फरार हो गया है। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई है। जिससे जाम की स्थिति बन गई है। हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर और एसपी समेत दूसरे अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

हादसे में इनकी गई जान..
- जितेंद्र वंशकार
- आमिर खान
- रितिक अहिरवार
- विजय आदिवासी
- जानू
मृतकों के परिजन को 4-4 लाख, घायलों को 50-50 हजार रुपए मुआवजा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों के इलाज के निर्देश दिए हैं।





