मध्यप्रदेश

MP के पूर्व CM ने सड़क किनारे बैठकर सेंके भुट्टे: तेलंगाना में स्कूली बच्चियों ने लगाए मामा-मामा नारे, शिवराज सिंह ने कहा-खूब पढ़ो और आगे बढ़ो

न्यूज़ डेस्क :

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सड़क किनारे भुट्टा सेंकते नजर आए। उन्होंने भुट्टा बेच रही महिला से बात भी की। शिवराज सिंह तेलंगाना के दौरे पर हैं। बुधवार को वे वारंगल जिले के डमेरा पहुंचे थे। यहां उन्हें देखकर स्कूली बच्चियों ने मामा-मामा के नारे लगाए। शिवराज ने भी आशीर्वाद देते हुए कहा- खूब खुश रहो। खूब पढ़ो और आगे बढ़ो।

शिवराज सिंह तेलंगाना में विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। डमेरा के अलावा वे हनुमाकोंडा और हसनपारथी समेत दूसरी जगहों पर भी पहुंचे।

बोले- किसानों के नुकसान की भरपाई हो रही

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने डमेरा विधानसभा के पाराकल में विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा- केंद्र की भाजपा सरकार महिला, किसान, युवा और गरीब कल्याण के लिए काम कर रही है। हम मध्यप्रदेश में पीएम किसान सम्मान निधि के साथ-साथ सीएम किसान निधि भी बैंक खातों में डालते है।

किसान धन के अभाव में अच्छे खाद-बीज से वंचित न रहें इसलिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि लागू की गई है। फसल खराब हो जाए तो प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लें। किसानों का जो नुकसान होता है, उसकी भरपाई भी की जाती है।

शिवराज ने समझाया रामराज्य का मतलब

शिवराज ने अपने भाषण में रामराज्य का मतलब बताया। कहा- राम मंदिर के भव्य निर्माण से पूरा देश राममय हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रामराज्य की परिकल्पना साकार हो रही है। अयोध्या में भगवान श्री राम का मंदिर बन गया। जब हम कहते थे कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे, तब कई लोग कहते थे कि तारीख नहीं बताएंगे। अब तारीख भी पता है।

22 जनवरी को मोदी जी के हाथों अयोध्या में बने दिव्य और भव्य मंदिर में भगवान रामलला विराजित होंगे। रामराज्य आएगा। केवल मंदिर नहीं बन रहा है, रामराज्य भी आ रहा है और रामराज्य का मतलब है जनता को सुखी बनाने का काम करना।

शिवराज सिंह ने कहा- कोई बिना छत न रहे इसलिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूरे देश में 4 करोड़ गरीबों को घर बनाकर दे दिए। तेलंगाना में भी गरीबों के घर बने हैं। आगे जो गरीब बाकी रह गए हैं, उनके घर भी बनाए जाएंगे। गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत मोदी सरकार 5 किलो चावल या गेहूं निशुल्क देती है। कोई गरीब भूखा न सोये, यही तो रामराज्य है।

मां, बहन और बेटी के बारे में सोचती है भाजपा

शिवराज सिंह चौहान 2 दिवसीय तेलंगाना दौरे के पहले दिन मंगलवार को करीमनगर पहुंचे। यहां कोंडापलकाला में उन्होंने विकसित भारत कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने कहा- भाजपा मां, बहन और बेटी के बारे में सोचती है। पहले उत्तर और मध्य भारत में बेटा-बेटी में भेद किया जाता था। बेटा ज्यादा लाड़ला होता था, बेटी कम प्यारी होती थी। तब मैंने तय किया कि बेटी को बोझ नहीं, वरदान बनाएंगे। मध्यप्रदेश में बेटी पैदा होगी तो लखपति ही पैदा होगी। हमने लाड़ली लक्ष्मी और लाड़ली बहना योजना शुरू की।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!