इंदौर

बड़ी खबर, मंदिर की बावड़ी की छत धंसी; 13 मौत: रामनवमी पर हवन कर रहे करीब 30 लोग 40 फीट नीचे गिरे, 17 को बचाया

इंदौर डेस्क :

इंदौर के बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में रामनवमी पर बावड़ी की छत धंसने से 13 लोगों की मौत हो गई। 40 फीट गहरी बावड़ी में 30 से ज्यादा लोग गिरे थे। बावड़ी से कुल 11 शव निकाले गए, जबकि पुलिस ने रस्सियों की मदद से 19 लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दो लोगों ने दम तोड़ दिया। बावड़ी में चार से पांच फीट पानी है। नगर निगम तीन पंप की मदद से पानी निकाला। जिसके बाद दोबारा रेस्क्यू शुरू किया है। ऑक्सीजन के साथ गोताखोरों को बावड़ी में उतारा गया है। आशंका है कि अभी भी कुछ लोग डूबे हुए हैं। मौके पर NDRF की टीम भी पहुंची है।

हादसा सपना संगीता रोड स्थित स्नेह नगर में हवन के दौरान हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लोग बावड़ी की छत पर बैठे थे। वजन से उसकी छत टूट गई और लोग नीचे गिर गए। यह मंदिर करीब 60 साल पुराना है। मंदिर में दर्शन करने आया एक बच्चा अब भी लापता है। कलेक्टर ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच कराने की बात कही है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि सरकार घायलों को इलाज कराएगी। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से भी मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया गया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से ट्वीट कर ये जानकारी दी गई है।

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया बावड़ी से निकाली गई 11 डेडबॉडी में से 10 महिलाओं की हैं। अभी तक हादसे में हम 13 लोगों को खो चुके हैं। मौके पर प्रशासन रेस्क्यू कार्य में जुटा हुआ है। हादसे की जांच के आदेश भी दिए जा चुके हैं। जिन लोगों का बचाव किया गया है, उनका इलाज किया जा रहा है।

मृतकों में अब तक इन लोगों की पहचान हुई

  1. लक्ष्मी (70) पति रतीलाल पटेल, पटेल नगर
  2. इंद्र कुमार (53) पिता थामावदास हरवानी, साधु वासवानी नगर
  3. भारती कुकरेजा (58) पति परमानंद कुकरेजा, साधु वासवानी नगर
  4. जयवंती (84) पति परमानंद खूबचंदानी, स्नेह नगर
  5. दक्षा पटेल (60) पति लक्ष्मीकांत पटेल, पटेल नगर
  6. मधु (48) पति राजेश भम्मानी, सर्वोदय नगर
  7. मनीषा मोटवानी पति आकाश मोटवानी, साधु वासवानी नगर
  8. गंगा पटेल (58) पति गगन दास, पटेल नगर
  9. कनक पटेल (32), पटेल नगर
  10. पुष्पा पटेल (49), पटेल नगर
  11. भूमिका खानचंदानी (31), पटेल नगर

राष्ट्रपति से लेकर पीएम मोदी और राहुल गांधी ने जताया दुख

इंदौर हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति शोक-संवेदनाएं व्यक्ति की, साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि इंदौर में हुए हादसे से बेहद आहत हूं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात कर स्थिति की जानकारी ली। राज्य सरकार बचाव और राहत कार्य में तेजी से आगे बढ़ रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ और कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पूर्व सीएम कमलनाथ ने भी हादसे पर दुख जताया है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

जिस मंदिर में ये हादसा हुआ। उसके एक तरफ सर्वोदय नगर, दूसरी तरफ पटेल नगर और तीसरी तरफ स्नेह नगर क्षेत्र आता है। इसलिए यहां आयोजित हवन-पूजन के कार्यक्रम से तीनों ही क्षेत्र के लोग पहुंचे थे।

दीवार धंसने से छत गिरने की आशंका
बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर में निर्माण और खुदाई का काम चल रहा है। आशंका है कि यह भी हादसे की वजह हो सकता है। कुछ रहवासियों ने चूहों के कारण कुआं खोखला होने की बात भी कही है।

मुख्यमंत्री रेस्क्यू की मॉनिटरिंग कर रहे

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंदिर में हादसे को लेकर इंदौर कलेक्टर और कमिश्नर से फोन पर चर्चा की। उन्होंने पूरी जानकारी ली और रेस्क्यू तेज करने के निर्देश दिए। हादसे के बाद कलेक्टर से लेकर पुलिस कमिश्नर समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी और एमवाय अस्पताल की मेडिकल टीम मौके पर पहुंच गई थी।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!