मध्यप्रदेश की भोजशाला सर्वे रिपोर्ट: 15 जुलाई को पेश करेगी एएसआई, खुदाई में 1700 अहम प्रमाण मिले हैं

इंदौर डेस्क :
धार स्थित भोजशाला परिसर को लेकर आर्कियोलाजी सर्वे ऑफ इंडिया (एएसआई) द्वारा किए गए सर्वे की रिपोर्ट 15 जुलाई तक हाई कोर्ट में पेश हो जाएगी। वहीं हाई कोर्ट की डिविजन बेंच द्वारा 22 जुलाई को इस पर सुनवाई की जाएगी। सर्वे में अब तक 1700 अवशेष मिल चुके हैं। सभी अवशेष को व्यवस्थित तरीके से रखा गया है।
हर अवशेष की विस्तार से रिपोर्ट बनाई जा रही है। अवशेष कितना पुराना, कौन से काल का है, इसका ब्योरा भी रिपोर्ट में दिया जाएगा। सर्वे के अंतिम दिन ही 7 अवशेष मिले थे। इनमें 6 बड़े आकार के हैं। इनमें बड़े पिलर, दीवार, मूर्तियां शामिल हैं। इनमें ब्रह्माजी की प्रतिमा भी शामिल है।
कुल 1700 अवशेष की बात की जाए तो इनमें 650 महत्वपूर्ण हैं। इनमें भगवान गणेश, नारायण और चतुर्भुज प्रतिमा भी शामिल हैं। इन्हें सुरक्षित तरीके से रखा गया है। एएसआई की ओर से हाई कोर्ट को बताया गया था कि सर्वे के बाद परिसर और आसपास भराव का काम किया जा रहा है, ताकि किसी तरह की दिक्कत बरसात में न आए। किसी अवशेष को बरसात में नुकसान न हो, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है।
सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है मामला
सुप्रीम कोर्ट ने सर्वे करने पर किसी तरह की रोक नहीं लगाई है, लेकिन सर्वे रिपोर्ट के आधार पर किसी तरह का फैसला जारी नहीं किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन मामले की अंतिम सुनवाई होने के बाद ही कुछ हो पाएगा। रिपोर्ट आने के बाद हिंदू पक्ष द्वारा सुप्रीम कोर्ट में प्रयास किए जाएंगे।



