Breaking news- बोरवेल में गिरी मासूम बच्ची का नौ घंटे बाद रेस्क्यू: 17 फीट गहराई में फंसी थी; पैरेलल गड्ढा खोदा, सुरंग बनाकर निकाला

राजगढ़ डेस्क :
राजगढ़ में मंगलवार को बोरवेल में गिरी 4 साल की बच्ची माही को रात करीब सवा तीन बजे बाहर निकाल लिया गया। बच्ची बेहोश है। उसे सीधे पचोर अस्पताल ले जाया गया।

मासूम 150 फीट गहरे बोरवेल में 17 फीट की गहराई पर फंसी थी। हादसा बोड़ा थाना क्षेत्र के पिपलिया रसोड़ा गांव में मंगलवार शाम 5.40 बजे हुआ था। भोपाल से पहुंची SDERF और एनडीआरएफ की टीम ने उसे रेस्क्यू कर लिया।

नाना-नानी के साथ से छूटकर भागी माही शाम 5:40 बजे बोरवेल में गिर गई थी। नाना-नानी ने बच्ची से बात की, फिर उन्होंने गांव के लोगों को बुलाया। सूचना के बाद शाम करीब 6 बजे बोड़ा पुलिस थाने की टीम ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने बोरवेल के समानांतर गड्ढा खोदा। इसके बाद प्रशासन ने 5 फीट की सुरंग बनाई।

बच्ची पटाड़िया गांव की रहने वाली है, जो पिता रवि के साथ मामा इंदर सिंह के घर आई थी। यहां खेत में खेलते-खेलते वह बोरवेल में गिर गई। सूचना मिलते ही एसडीएम अंशुमन राज सहित प्रशासनिक अमला और पुलिस मौके पर पहुंच गए थे। कलेक्टर हर्ष दीक्षित और एसपी धर्मराज मीणा भी मौके पर थे। आस-पास के गांवों के लोग भी पहुंच गए थे।

बच्ची के हर मूवमेंट पर कैमरे से नजर
बोरवेल में कैमरा डालकर बच्ची के हर मूवमेंट पर नजर रखी जा रही थी। उस तक लगातार ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही थी। रेस्क्यू टीम ने बताया कि बोर के अंदर से उसके रोने की आवाज रुक-रुककर आ रही थी।

सीएम ने ली जिला प्रशासन से जानकारी
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना को लेकर कलेक्टर से बात की थी। उन्होंने रेस्क्यू कार्य को लेकर निर्देश भी दिए थे। एसपी धर्मराज मीणा ने बताया कि बच्ची के हाथों का मूवमेंट नजर आ रहा था। उसे रेस्क्यू कर लिया गया है।





