विदिशा में अतिरिक्त पल्स पोलियो अभियान की शुरू: बच्चों को पिलाई दो बूंद जिंदगी की

विदिशा डेस्क :
विदिशा के जिला चिकित्सालय में अतिरिक्त पल्स पोलियो अभियान को लेकर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत 5 साल तक के बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाई गई।
अभियान के तहत लगभग सवा दो लाख बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश शर्मा, सीएमएचओ डॉक्टर योगेश तिवारी, सिविल सर्जन डॉक्टर शिरीष रघुवंशी, जिला टीकाकरण अधिकारी डा दिनेश शर्मा मौजूद रहे।

बताया गया कि विदिशा जिला अस्पताल के अलावा तमाम स्वास्थ्य केंद्र और आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी नवजात से लेकर 5 साल तक के बच्चों को दवा पिलाई जा रही है। जिले में जीरो से लेकर 5 वर्ष तक के 2 लाख 24 हजार 855 बच्चों को पोलियो की दो खुराक पिलाई जानी है।
सिविल सर्जन ने बताया कि जिला अस्पताल में आज ही जन्मे बच्चों को भी दवा पिलाई गई है ताकि पोलियो जैसी बीमारी से बचाया जा सके और विदिशा जिले को पोलियो मुक्त किया जा सके यह भी बताया गया कि मध्य प्रदेश में कुल 16 जिलों में पल्स पोलियो अभियान चलाया जा रहा है जिसमें विदिशा भी शामिल है।
अतिरिक्त पल्स पोलियो अभियान के लिए 521 टीमें बनाई गई है जो डोर टू डोर अभियान अवधि के दौरान बच्चों को दवा पिलाने का काम करेंगी। पोलियो ड्रॉप पिलाने के लिए 220 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं।



