इंदौर

मध्यप्रदेश में चुनावी साल में ‘कांग्रेस’ पर चढ़ा भगवा रंग: हार्ड हिंदुत्व की थीम पर कमलनाथ को इस तरह से किया जा रहा प्रोजेक्ट

इंदौर डेस्क :

मध्यप्रदेश में छह माह बाद विधानसभा चुनाव होना है। चुनावी मैदान में भाजपा-कांग्रेस तेजी से मोर्चा संभालने में जुट गए हैं। कर्नाटक चुनाव परिणाम ने कांग्रेस में जोश भर दिया है। चुनावी तैयारियों में जुटी कांग्रेस ने भाजपा के कोर हिंदुत्व वाले एजेंडे पर भी पकड़ बनाना शुरू कर दिया है। पार्टी इसी मुद्दे के साथ चुनावी मैदान में उतर चुकी है।

राजनीति के जानकार कांग्रेस के इस बदले हुए ‘सेक्युलर’ चेहरे को देखकर हैरान हैं। हालांकि वे सवाल भी उठा रहे हैं कि पार्टी हिंदुत्व-सेक्युलर चेहरे को बैलेंस कैसे करेगी ये भी देखने वाली बात होगी। बहरहाल शनिवार को मप्र कांग्रेस मंदिर पुजारी प्रकोष्ठ युवा इकाई की द्वारा धर्म रक्षा यात्रा निकालना राजनीतिक पंडितों में चर्चा का विषय है।

सवाल उठ रहे हैं कि पार्टी अपनी छवि बदलने पर मजबूर तो नहीं हो रही? हिंदुत्व के मुद्दे पर बैकफुट पर रहने वाली कांग्रेस इसे ही ब्रह्मास्त्र की तरह इस्तेमाल कर प्रदेश की सत्ता में वापसी के सपने तो नहीं बुन रही? क्योंकि कांग्रेसी गले में भगवा गमछा, हाथों में भगवा ध्वज लेकर खुलकर “राम-राम” बोलने लगे हैं।

आइए आपको बताते हैं कि हिंदुत्व के मुद्दे पर कांग्रेस में चल क्या रहा है…

पार्टी ने अपनी इस छवि को तैयार करने के लिए पिछले साल जुलाई-अगस्त में ही प्लेटफॉर्म तैयार कर लिया था। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने मंदिर पुजारी प्रकोष्ठ का गठन किया। अब चुनाव के लगभग 6 महीने पहले इस प्रकोष्ठ ने सक्रियता दिखाना शुरू कर दिया है। 13 मई को इंदौर में प्रकोष्ठ के बैनर तले खजराना गणेश मंदिर से बिजासन माता मंदिर तक निकाली गई धर्म रक्षा यात्रा इसी चुनावी रणनीति का हिस्सा है।

यात्रा में कार्यकर्ताओं से लेकर पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा तक के गले में भगवा गमछा डला था। हाथों में भगवा ध्वज था। तेज आवाज में भगवान श्री राम के भजन डीजे पर बज रहे थे। जय सियाराम के नारे कांग्रेसी लगा रहे थे। यह बात और है कि इससे पहले कभी कांग्रेस खुलकर हिंदुत्व के रंग में रंगी नजर नहीं आई।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा में “जय सियाराम” का नारा दे चुके हैं और उन्हीं के नक्शे कदम पर पार्टी के कार्यकर्ता इसका अनुसरण शुरू कर दिया है। कर्नाटक में बजरंग दल को बैन करने की कांग्रेस की घोषणा और फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जय बजरंगबली कहकर चुनावी सभा को संबोधित करना भी कांग्रेस के लिए ही फायदेमंद रहा। इससे भी कांग्रेसी उत्साहित नजर आ रहे हैं।

अब विधानसभा चुनावों तक मध्यप्रदेश के अलग-अलग शहरों में इसी तरह धर्म रक्षा यात्राएं निकाली जाएंगी। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि कांग्रेस लोगों के बीच में खुद को धर्म और हिंदुत्व का रक्षक बताने की भी कोशिश करेगी। जैसा अब तक भाजपा करती आई है।

हार्ड हिंदुत्व की थीम पर कमलनाथ को इस तरह से किया जा रहा प्रोजेक्ट

हार्ड हिंदुत्व के मद्दे नजर पूर्व सीएम कमल नाथ को भी सिर्फ एक ही तस्वीर के जरिए प्रोजेक्ट किया जा रहा है। इस तस्वीर में नाथ ललाट पर त्रिपुंड लगाए हुए दिख रहे हैं। धर्म रक्षा यात्रा के लिए तैयार की गई डीजे की गाड़ी और अन्य चार पहिया वाहन पर उनके इसी तस्वीर के पोस्टर लगाए गए हैं। अन्य शहरों में भी ये यात्रा निकलेगी और वहां भी ये ही तस्वीर नजर आएगी।

वहीं मध्यप्रदेश कांग्रेस मंदिर पुजारी प्रकोष्ठ की युवा इकाई के प्रदेश अध्यक्ष सुधीर भारती ने बताया कि हिंदू जागरण एवं मठ मंदिर संरक्षण के प्रदेश व्यापी अभियान के लिए धर्म रक्षा यात्रा का इंदौर में शुभारंभ किया गया। मठ और मंदिर की स्वतंत्रता का हनन न हो और धार्मिक व्यवस्थाओं में राजनीतिक हस्तक्षेप न हो।

मठ मंदिर की भूमि नीलाम न हो, पुजारी का वंश परंपरा से नामांतरण हो, कलेक्टर व्यवस्थापक न हो, पुजारी को सामान्य कृषक के अधिकार मिले। पूर्व सीएम कमलनाथ के इस संकल्प को पूरे मध्यप्रदेश में यात्रा के माध्यम से प्रचारित किया जा रहा है।

कुल मिलाकर कांग्रेस ये जताने की कोशिश में लगी है कि वो सॉफ़्ट हिंदुत्व की राजनीति नहीं करती है, क्योंकि राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं के चुनाव के समय मंदिर जाने पर पहले कई बार सवाल उठ चुके हैं। ऐसे में कांग्रेस ये जताने में लगी है कि हिंदुत्व की कसौटी पर वो भाजपा से आगे खड़ी है।

इंदौर में सबसे ज्यादा भागवत-कथाएं कांग्रेसी ही करा रहे

– हार्ड हिंदुत्व की छवि बनाने के लिए कांग्रेसी नेता भी खूब जतन कर रहे हैं। इंदौर की विधानसभा क्रमांक-1 से कांग्रेस के संजय शुक्ला विधायक हैं। वे पं.प्रदीप मिश्रा की कथा कराने के साथ ही क्षेत्र के लोगों को हरिद्वार और अयोध्या की धार्मिक यात्रा करा रहे हैं।

– देपालपुर सीट से कांग्रेस के विधायक विशाल पटेल क्षेत्र में पं.प्रदीप मिश्रा की कथा करा चुके हैं। क्षेत्र में मंदिर निर्माण में उन्होंने सहयोग किया साथ ही धार्मिक गतिविधियों में उनकी सक्रियता बनी रहती है।

– इंदौर की 5 नंबर विधानसभा से कांग्रेस के दावेदार सत्यनारायण पटेल अनूप जलोटा की भजन संध्या करवा चुके हैं। राम नवमी के अवसर पर प्रसिद्ध गायक और ‘मेरा भोला है भंडारी’ भजन फेम हंसराज रघुवंशी का प्रोग्राम उन्होंने अभय प्रशाल में करवाया और अब 19 से 21 मई के बीच जया किशोरी के नानी बाई रो मायरो का आयोजन भी पटेल करवा रहे हैं।

– हाल ही में भाजपा छोड़ कांग्रेस में आए देवास की हाटपिपल्या सीट से पूर्व विधायक और मंत्री दीपक जोशी कर्नाटक चुनाव के नतीजे आने के बाद शनिवार को कार्यकर्ताओं सहित देवास में हनुमान मंदिर में जाकर हनुमान चालीसा का पाठ करते दिखे।

– कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री और विधायक सज्जन सिंह वर्मा शनिवार को धर्म रक्षा यात्रा में गले में भगवा गमछा डाले दिखे। अर्चना जायसवाल ने भी भगवा गमछा डाल रखा था। चुनावी साल में भगवा रंग कांग्रेसियों को खूब रास आ रहा है। इसके माध्यम से जनता से सीधे कनेक्ट होने की कोशिश में कांग्रेस जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!