मध्यप्रदेश

वन मंत्रालय छिनने से एमपी के मंत्री हुए नाराज: पद छोड़ने की दी धमकी

भोपाल डेस्क :

कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए रामनिवास रावत को वन मंत्री बनाए जाने के बाद भाजपा में ही बगावत हो गई है। नागर सिंह चौहान से वन एवं पर्यावरण विभाग छीनकर रामनिवास को देने पर नागर सिंह ने सोमवार सुबह मंत्री पद से इस्तीफा देने की बात कही। वे बोले- सांसद पत्नी अनीता नागर सिंह से भी इस्तीफा दिलवाऊंगा। नागर का कहना है कि वे मंगलवार को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्ढा से मुलाकात कर अपनी बात रखेंगे।

सोमवार को नागर सिंह ने मीडिया से कहा कि मुझसे कोई विभाग छीनना था तो सीएम बता सकते थे। लेकिन कांग्रेस से आए हुए नेता को मेरा विभाग दे देना गलत है। यह फैसला अचानक हुआ, इस कारण मैं दुखी हूं। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से बात करूंगा। मैं बीते 25 सालों से पार्टी के लिए काम कर रहा हूं। ऐसा अपमान बर्दाश्त नहीं करूंगा। बता दें कि नागर सिंह के पास अब अनुसूचित जाति कल्याण विभाग ही बचा है।

भाजपा को अपने कार्यकर्ता नहीं, दलबदलू प्यारे : कांग्रेस

नागर सिंह चौहान के बयान पर कांग्रेस की ओर से पीसीसी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि नागर के मंत्री पद से इस्तीफे की पेशकश भाजपा में नैसर्गिक नेतृत्व को दरकिनार कर दलबदलुओं को तवज्जो देने का जीवंत उदाहरण है। भाजपा को अपने मेहनती कार्यकर्ताओं से ज्यादा प्यारे दलबदलू हैं।

7 दिन पहले ही मंत्री पद छोड़ने को कहा था, नागर ने मना किया

इंदौर से आशीष चौहान की रिपोर्ट

नागरसिंह से वन विभाग लेकर रामनिवास को देने की पटकथा एक हफ्ते पहले ही लिखी जा चुकी थी। सूत्रों के अनुसार, भोपाल में कैबिनेट बैठक के बाद सीएम ने बंद कमरे में बुलाकर नागरसिंह से कहा था- ‘अब आपकी पत्नी रतलाम से सांसद बन गई हैं। आपको मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ेगा, क्योंकि ऊपर (केंद्र) से काफी दबाव है।’

इस पर चौहान ने कहा था कि मैं दिल्ली बात कर लूंगा, क्योंकि पत्नी के सांसद बनने पर मेरा करियर क्यों खराब किया जा रहा है? मैं तो पत्नी के लिए टिकट मांगने नहीं गया था। मैंने कहा भी था कि झाबुआ जिलाध्यक्ष भानू भूरिया, पूर्व विधायक कलसिंह भाबर व दिलीपसिंह परमार में से किसी को भी टिकट दे दो। नागर इसके बाद प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा व संगठन मंत्री हितानंद शर्मा से भी मिले, लेकिन दोनों ने अनभिज्ञता जाहिर की।

3 माह लोकसभा चुनाव में जुटे, ओएसडी तक नहीं मिला

नागरसिंह को वन व पर्यावरण विभाग मिलने के बाद पार्टी ने उनकी प|ी को लोकसभा चुनाव का टिकट दे दिया। चौहान तीन महीने प्रचार में जुटे रहे। फिर संगठन ने उन्हें अमरवाड़ा उपचुनाव में लगा दिया। सूत्रों के अनुसार, मांगने पर भी उन्हें ओएसडी नहीं दिया गया। नागर ने कहा- मंत्रालय में फेरबदल करना सीएम का विशेषाधिकार है। इसलिए मुझसे विभाग क्यों छीना, यह वही बता सकते हैं। पार्टी के बड़े नेताओं ने मुझसे कहा है ​कि पार्टी फोरम में ढंग से अपनी बात रखूं। अगर मेरी बात नहीं सुनी जाती है तो पद से इस्तीफा दे दूंगा।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!