भोपाल

मध्यप्रदेश सरकार की ‘विकास यात्रा’ का शुभारंभ: मुख्यमंत्री ने कहा-ये जनता की जिंदगी बदलने का अभियान, कमलनाथ बोले-मुंह चलाने से प्रदेश नहीं चलता

भोपाल डेस्क :

संत रविदास जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार ने ‘विकास यात्रा’ की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भिंड से यात्रा का आगाज किया है। इस दौरान उन्होंने भिंड को नगर निगम बनाने और यहां मेडिकल कॉलेज खोलने का बड़ा ऐलान किया है। सीएम ने लाडली बहना योजना 8 मार्च महिला दिवस से शुरू करने की भी बात कही है।

इससे पहले संत रविदास की 645वीं जयंती पर बीजेपी ने कई कार्यक्रम किए। बड़वानी में सांसद सुमेर सोलंकी ने जूते-चप्पल पॉलिश कीं। इंदौर में पूर्व मंत्री महेंद्र हार्डिया ने सफाईकर्मियों के पैर पूजे।

ये जनता की जिंदगी बदलने का अभियान: शिवराज सिंह
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा है कि विकास यात्रा जनता की जिन्दगी को बदलने का अभियान है। हमारा संकल्प गरीबों का कल्याण है। सीएम शिवराज सिंह ने इस दौरान विकास यात्रा के रथों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि विकास और जनता के कल्याण के लिये धन की कमी नहीं आने देंगे।

सीएम शिवराज ने कहा कि पहले से चल रही योजनाओं के साथ अब ‘लाड़ली बहना’ योजना मेरी बहनों की जिंदगी संवारेगी। योजना में बहनों को हर माह एक हजार रुपए दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो कहीं नहीं हुआ, वह मध्यप्रदेश में हुआ है। जो किसी ने नहीं किया वह आपका भाई शिवराज करेगा।

सीएम शिवराज सिंह ने भिंड में मेडिकल कॉलेज खोलने के साथ ही भिंड को नगर पालिका से नगर निगम बनाने की घोषणा की। सीएम ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि संत रविदास जी के जन्म-स्थल को भी मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से जोड़ा जाएगा। तीर्थ दर्शन योजना में मार्च महीने से बुजुर्गों को अब हवाई जहाज से भी तीर्थ दर्शन कराएंगे।

25 फरवरी तक चलने वाली विकास यात्रा हर विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक जाएगी। BJP प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा खजुराहो संसदीय क्षेत्र के कटनी में इस यात्रा में शामिल होने पहुंचे। दतिया में गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा विकास यात्रा में शामिल हुए। मंत्री और विधायकों ने अपने क्षेत्रों से इस यात्रा को हरी झंडी दिखाई।

कमलनाथ बोले – मुंह चलाने से प्रदेश नहीं चलता

ग्वालियर में कमलनाथ ने कहा आज शुभ दिन है। आज इनकी विकास यात्रा शुरू हो रही है। शिवराज सिंह 190 महीने मुख्यमंत्री रहे। हर महीने इस यात्रा में हिसाब दें कि उन्होंने मुंह चलाने के अलावा और क्या किया? मेरे से सवाल पूछते हैं कि 15 महीनों में मैंने क्या किया। इनमें से ढाई महीने आचार संहिता में गए। साढ़े 11 महीने का हिसाब देने के लिए मैं तैयार हूं। मप्र की जनता गवाह है। किस तरह से सत्यानाश हुआ, नौजवानों के भविष्य का, छोटे व्यापारियों का, किसानों का। मुझे पूरा भरोसा है कि सात महीने बाद मप्र के मतदाता प्रदेश की तस्वीर सामने रखकर वोट देंगे।

बड़वानी में सांसद ने पॉलिश कीं चप्पलें

संत शिरोमणि रविदास की 646 वीं जयंती पर राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने बड़वानी में फुटपाथ पर बैठकर चप्पल पॉलिश की। इसके बाद चर्मकार के पैरों में अपने हाथों से पहनाईं। साथ ही, जूते-चप्पल पॉलिश करने वाले सदुभाई के पास जाकर धूप से बचाव के लिए उन्हें केनोपी भेंट की। उनका पुष्पहार, शाॅल-श्रीफल व संत रविदास का चित्र भेंट कर सम्मान किया। सदु भाई ने कहा कि 50 साल में आज तक किसी ने इस तरह सम्मान नहीं किया। आज अच्छा लग रहा है।

इंदौर में पूर्व मंत्री ने पूजे सफाईकर्मियों के पैर

इंदौर में भी 5 फरवरी से विकास यात्रा शुरू हुई। ये यात्रा अलग-अलग वार्डों में घूमेंगी। शहर में विधायकों के नेतृत्व में विकास यात्रा शुरू हुई। इसमें विधानसभा 5 के विधायक महेंद्र हार्डिया ने महिला सफाईकर्मियों का सम्मान कर उनके पैर पूजे। ग्रामीण क्षेत्रों में धूमधाम के साथ कलश यात्राएं निकाली गईं। महू विधानसभा में पर्यटन व संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर ने रविदास महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा की शुरुआत की।

जब कांग्रेस विधायक ने कर दिया विकास कार्यों को भूमिपूजन…

भोपाल में BJP से पहले कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने निर्माण कार्यों का भूमि पूजन कर दिया। यहां सेवनिया ओंकार गांव में बीजेपी ने रविवार को विकास यात्रा रखी थी। इसके तहत निर्माण कार्यों का भी भूमि पूजन होना था। भाजपा नेताओं के पहुंचने से पहले ही शर्मा ने भूमि पूजन कर दिया। BJP नेता और पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने इसे बचकानी हरकत बताया। उन्होंने कहा कि दोपहर 2 बजे विकास यात्रा में कांग्रेस विधायक भी आमंत्रित थे, लेकिन सिर्फ श्रेय लेने के लिए भूमि पूजन कर दिया। ये ठीक नहीं है। जिन विकास कार्यों के भूमिपूजन होने हैं, वे नगर निगम की निधि के हैं। कांग्रेस विधायक श्रेय लेने की राजनीति के बजाय 4 साल का हिसाब दें कि उन्होंने क्या किया?

भोपाल में चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने रविवार को नरेला विधानसभा स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर में महाआरती के साथ विकास यात्रा का शुभारंभ किया। रविदास जयंती पर मंत्री ने सफाई कर्मियों के पांव पखारे| विकास यात्रा के पहले दिन हितग्राहियों को लाभ वितरण किया। विकास कार्यों के भूमिपूजन भी किया।

मंत्री सारंग ने बताया कि नरेला विधानसभा के प्रत्येक 17 वार्डों में विकास यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास होगा। मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही, यदि किसी पात्र हितग्राही का नाम छूट गया हो, तो उनके नाम भी जोड़कर उन्हें शासन की योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा।

CM बोले- ये जनता की सेवा का बड़ा अभियान

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भिंड जाने से पहले कहा- आज संत रविदास जयंती है। ‘ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न, छोट-बड़ो सब सम बसे, रविदास रहे प्रसन्न’। संत रविदास के चरणों में प्रणाम करते हुए उनसे प्रेरणा लेकर मप्र में भाजपा की सरकार ऐसा ही राज बनाने की कोशिश कर रही है। आज संत रविदास जयंती के कार्यक्रम हर पंचायत में हो रहे हैं। हम पूरी श्रद्धा और पूरे उत्साह के साथ संत रविदास जयंती पूरे प्रदेश में मना रहे हैं।

सीएम ने कहा 8 तारीख को सागर में संत रविदास महाकुंभ होगा। गरीब का कल्याण हमारा संकल्प है। आज से प्रदेश भर में विकास यात्राएं शुरू हो रही हैं। किसी योजना से यदि कोई व्यक्ति छूट गया है, तो हम उन्हें जोड़ेंगे। जिंदगी सुरक्षित करने के लिए हम बीमा योजनाओं के फार्म भराएंगे। ये जनता की सेवा का बड़ा अभियान है।

विकास यात्रा का शेड्यूल

इस विकास यात्रा में BJP का दावा है कि एक करोड़ कार्यकर्ता शामिल होंगे। 21 दिन की इस यात्रा में करीब 5 करोड़ लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।

230विधानसभा
1070मंडल
64100बूथ
21दिन

विकास यात्रा में होंगे ये काम

  • पूरे हो चुके निर्माण कार्यों के लोकार्पण किए जाएंगे।
  • जो काम किए जाने हैं, उनके भूमि पूजन होंगे।
  • केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से छूटे हितग्राहियों को जोड़ा जाएगा।
  • मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान में जिनके नाम जोडे़ गए, उन हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र दिए जाएंगे।

हितग्राही बताएंगे जीवन में हुए बदलाव की विकास यात्रा

भाजपा संगठन की ओर से यह कहा गया है कि इस कार्यक्रम में उन हितग्राहियों को बुलाकर संवाद किया जाएगा, जिन्हें केंद्र या राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ मिला है। हितग्राहियों के जीवन में सरकार की योजनाओं से आए बदलावों की कहानी, उन्हीं की जुबानी सुनाई जाएगी, ताकि जनता को ये पता चल सके कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रति जनता में भाव हैं।

विधायकों के प्रति आक्रोश होगा कम

कई मंत्री और विधायक ऐसे हैं, जिनके फील्ड में न जाने को लेकर संगठन को लगातार शिकायतें मिलती रहती हैं। कई मर्तबा इन विधायकों को हिदायतें देकर फील्ड में सक्रिय रहने को भी कहा गया। ऐसे कई विधायकों के प्रति आक्रोश भी बढ़ रहा है। ऐसे में विकास यात्रा के दौरान जब विधायक और भाजपा संगठन के पदाधिकारी गांवों में जाएंगे, तो ग्रामीण सीधे संवाद कर सकेंगे और बातचीत से आक्रोश भी खत्म होगा और स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी भी लग सकेगी।

प्रचार रथ को लेकर भी सावधानी बरतने के निर्देश

विकास यात्रा में चलने वाले प्रचार रथ के वाहन को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें वाहनों का चयन करने से पहले उसका बीमा, फिटनेस जांचने को कहा गया। इसके साथ ही ये ध्यान रखना होगा कि प्रचार रथ के लिए चुने गए वाहन पर कोई पुलिस केस या कोर्ट में कोई केस पेंडिंग तो नहीं है। ऐसे वाहनों को प्रचार रथ में न लगाया जाए। हर विधानसभा में एक प्रचार रथ संचालित किया जाएगा।

प्रचार रथ में होंगी ये व्यवस्थाएं

  • वाहन में एलईडी स्क्रीन, ऑडियो विजुअल सिस्टम
  • अच्छी क्वालिटी के माइक साउंड सिस्टम, पावर बैकअप, जेनसेट की व्यवस्था
  • वाहन के साथ एक एंकर, दो प्रमोटर, डीवीडी प्लेयर, एलसीडी, प्रोजेक्टर के साथ चार बड़ी दरी
  • केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के पैम्पलेट्स

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!