न्यूज़ डेस्क

बांग्लादेश की सोनिया का दावा अप्रैल-2021 में सौरभ ने की शादी: युवक से मिलने पहुंची इंडिया

युवक बोला- जबरदस्ती धर्म परिवर्तन करवाया

न्यूज़ डेस्क :

अलवर के रहने वाले सौरभकांत तिवाड़ी ने बांग्लादेश में सोनिया से निकाह कर लिया। निकाह के बाद वह सोनिया को छोड़कर इंडिया आ गया। अब सोनिया दो साल के बेटे के साथ अपने पति से मिलने इंडिया आ गई। वह अपने पति को ढूंढ रही है।

इधर, सौरभ का कहना है कि उससे जबरदस्ती धर्म परिवर्तन करवाया गया और मारपीट की गई। सौरभ के परिवार का दावा है कि उन्हें हनी ट्रैप में फंसाया जा रहा है।

3 अगस्त को नोएडा पहुंची सोनिया का दावा है कि सौरभ ने बांग्लादेश में नौकरी करते हुए उसके साथ निकाह किया। उनका एक बच्चा भी है, जिसे उसका अधिकार दिलाने के लिए वो बांग्लादेश से भारत आई है। इतना ही नहीं सौरभ ने बांग्लादेश में रहते हुए अपना धर्म परिवर्तन कर लिया था। सोनिया ने अपने और बेटे के साथ सौरभ के कुछ फोटोग्राफ भी सार्वजनिक किए हैं।

बीकानेर में जन्म, अलवर में रहता है परिवार
सौरभ कांत तिवारी का जन्म बीकानेर में हुआ। उनके पिता यहां इलेक्ट्रिसिटी डिपार्टमेंट में काम करते थे। इसके बाद उनका ट्रांसफर अलवर हो गया था। तब से परिवार अलवर में ही रहता है। हालांकि सौरभ नोएडा में पोस्टेड है।

इस मामले के बाद जब एक समाचार पत्र ने सौरभ की पत्नी रचना से बात की तो उनका कहना था कि ये स्पष्ट रूप से हनी ट्रैप का मामला है। मेरे पति को परेशान किया जा रहा है। अगर सोनिया को इस मामले को निपटाना भी है तो उसका ये तरीका नहीं है कि वो परिवार को दिमागी तौर पर परेशान करें।

सौरभ बोला- सोनिया और उसके परिवार ने हनीट्रैप किया
सौरभ ने बताया- सोनिया और उसके परिवार ने हनी ट्रैप में फंसाया है। जबरदस्ती निकाह के कागजों पर साइन कराए गए। महिला के आरोप निराधार हैं। परिवार और महिला ने प्लान कर मुझे फंसाया। बांग्लादेश कोर्ट में मैंने तलाक के लिए याचिका दायर की हुई है और फैसला आने का इंतजार है।

सोनिया ने 1 करोड़ की डिमांड की थी, जिसे मैं पूरा नहीं कर पाया। इसलिए वह ऐसा कर रही है। सौरभ ने बताया कि मैं कोविड की वजह से भारत नहीं आ पाया था। ये बांग्लादेश में मेरे घर पर आने लगी थी और मेरे पूजा-पाठ पर रोक लगाने लगी थी। सोनिया और उसके परिवार के लोग मारपीट करते थे। नमाज पढ़ने के लिए कहते थे। मैं भारत वापस आ गया।

नोएडा में जॉब कर रहा था सौरभ
सोनिया के वकील ने बताया है कि साल 2017 में सौरभ तिवारी नोएडा से बांग्लादेश के ढाका में कल्टी मैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड में मैनेजर लगा था। वहां सोनिया और सौरभ की मुलाकात हुई। इसके बाद दोस्ती हुई। सौरभ ने सोनिया को प्रपोजल दिया। सौरभ ने सोनिया को बताया था कि उसकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। इसके बाद कानूनी रूप से धर्म बदला और दोनों ने निकाह किया था।

दिसंबर 2022 में सौरभ वापस भारत आ गया। इसके बाद से उसने सोनिया का कॉल रिसीव करना बंद कर दिया। 1 मई 2023 को सोनिया ने वकील से संपर्क किया। मैंने कहा कि आप पूरे डॉक्यूमेंट के साथ भारत आइए। 3 अगस्त को सोनिया भारत आई। इसके बाद से सौरभ से मिलने का प्रयास कर रही है।

सोनिया की मांग है कि सौरभ उसे अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार कर लें। इसके बाद वकील ने दोनों के कुछ फोटोग्राफ भी दिखाए। सोनिया ने दावा किया कि बच्चा सौरभ कांत तिवारी का ही है।

दावा अप्रैल-2021 में सौरभ ने की शादी
वकील ने बताया कि 14 अप्रैल 2021 को सौरभ तिवारी ने बांग्लादेश में ही सोनिया के साथ निकाह किया था। इसके बाद उसको छोड़ कर भारत आ गया। वह पहले से ही शादीशुदा था। सौरभ बांग्लादेश में 4 जनवरी 2017 से 24 दिसंबर 2021 तक रहा।

छह महीने के लिए टूरिस्ट वीजा पर भारत आई है सोनिया
पुलिस पूछताछ में सोनिया ने अपने सभी दस्तावेज और पासपोर्ट पुलिस को दिखाए हैं। जिनको वेरिफाई किया गया। सोनिया यहां 6 महीने के टूरिस्ट वीजा पर आई है। सोनिया को पुलिस सुरक्षा में सेक्टर-58 थाना क्षेत्र के एक सेंटर में रखा गया है।

पुलिस जांच में जुटी
ADCP सेंट्रल नोएडा डॉक्टर राजीव दीक्षित ने बताया- ढाका बांग्लादेश की एक महिला ने नोएडा के महिला थाना में शिकायत दी है कि अप्रैल 2021 में थाना सुरजकुंड निवासी सौरभ कांत तिवारी ने उससे बांग्लादेश में शादी की और फिर भारत आ गया। सौरभ पहले से ही शादीशुदा था। महिला ने अपना और दो साल के बेटे का पासपोर्ट, वीजा और अन्य दस्तावेज उपलब्ध कराया है। मामले की जांच ACP महिला सुरक्षा को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!