न्यूज़ डेस्क

सागर में अवैध संबंध के शक में हत्या कर शव जंगल में गाड़ा: मां के साथ देखा तो व्यक्ति की गला घोंटकर कर दी हत्या

न्यूज़ डेस्क :

सागर के बंडा थाना क्षेत्र से गायब हुए व्यक्ति की मां-बेटे ने मिलकर हत्या कर दी। बेटे ने मृतक को मां के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। मां के साथ अवैध संबंधों से खफा बेटे ने मौका पाते ही मृतक को पहले लात-घूंसों से पीटा और फिर गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने शव जंगल में ले जाकर गाड़ दिया। मृतक की गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की। जांच के दौरान हत्या की वारदात का खुलासा हुआ। मामले में पुलिस ने आरोपी मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 27 फरवरी को फरियादिया हरीबाई ने बंडा थाने पहुंचकर भाई बारेलाल पुत्र मुल्ले अहिरवार उम्र 50 साल निवासी गिदवाहा थाना मड़ावरा जिला ललितपुर हाल निवास वार्ड नंबर 1 बंडा की गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बहन ने बताया कि मेरा छोटा भाई बारेलाल करीब 5 सालों से भगवानदास लारिया के खेत पर काम करता है। खेत पर ही रहता है। 25 फरवरी की सुबह उनके खेत पर से बगैर बताए कहीं चला गया है। तलाश किया। लेकिन कहीं नहीं मिला है।

शिकायत मिलने पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। बारेलाल की तलाश के दौरान पुलिस को सुराग मिला कि उसका ग्राम खेजरा मेठा निवासी सुनीता अहिरवार के घर आना-जाना था। वह रिश्ते में देवर-भाभी लगते है। पुलिस ने और बारीकि से छानबीन की तो पता चला कि सुनीता और बारेलाल के बीच अवैध संबंध थे। इसी संदेह में पुलिस ने सुनीता और उसके बेटे नीरज अहिरवार को हिरासत में लिया। थाने लाकर दोनों से पूछताछ की तो वह गुमराह करने लगे। सख्ती से पूछताछ की तो मां-बेटे ने बारेलाल की हत्या कर शव जंगल में दफनाने की बात कबूल की।

जंगल में खुदाई कराई तो मिला शव
मामले में पुलिस आरोपियों को साथ लेकर जंगल पहुंची। जहां आरोपियों ने बताया कि उन्होंने खजरा मेड़ा में वन विभाग के प्लांटेशन की खकरी के पास गड्‌ढा खोदकर शव दफनाया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल में खुदाई कराई। खुदाई के दौरान मौके से नग्न अवस्था में शव बरामद हुआ। जिसकी जीजा पूरनलाल अहिरवार ने शारीरिक बनावट के आधार पर बारेलाल के रूप में शिनाख्त की। मामले में पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया।

मृतक के साथ मां को देखा तो भड़का बेटा
पूछताछ में आरोपी नीरज ने बताया कि 25 फरवरी को मां सुनीता अहिरवार के साथ बारेलाल अहिरवार को संदेहास्पद स्थिति में देखा था, तभी उसकी हत्या करने की सोच ली थी। साजिश के तय बारेलाल पर पहले पत्थर से हमला किया। वह घायल हो गया तो लात-घूंसों से पीटा। फिर गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस से बचने और शव को छिपाने के लिए शव जंगल लेकर पहुंचा। जहां वन विभाग के प्लांटेशन में गड्‌ढा खोदकर नग्न अवस्था में शव को दफना दिया। मृतक के कपड़े और जूते नष्ट कर दिए। मामले में पुलिस ने आरोपी नीरज अहिरवार और सुनीता अहिरवार के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है।

मृतक और सुनीता के बीच 20 सालों से थे संबंध
मृतक बारेलाल मूलत: उत्तरप्रदेश के ललितपुर जिले के ग्राम गिदवाहा का रहना वाला है। वह बंडा में खेत पर काम करने के लिए आया और 5 सालों से खेत में ही रह रहा था। सुनीता उसकी भाभी लगती थी। मृतक सुनीता को पहले से जानता था। उनके बीच करीब 20 वर्षों से अवैध संबंध थे। बंडा आने के बाद से उनके बीच और नजदीकियां बढ़ गई थी। जिसकी भनक बेटे को लगी और उसने हत्या कर दी।

आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा
बंडा थाना प्रभारी नवल आर्य ने बताया कि मां से अवैध संबंधों के चलते बेटे ने मां के साथ मिलकर बारेलाल की हत्या की थी। शव जंगल में गाड़ दिया था। मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से दोनों को जेल भेजा गया है।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!