न्यूज़ डेस्क

सतना जिले के मैहर माता मंदिर से मुस्लिम कर्मचारियों को हटाने के आदेश: नगर में मांस और मदिरा की बिक्री भी बंद करने को लेकर सतना कलेक्टर को पत्र भेजा

न्यूज़ डेस्क :

धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग ने सतना जिले में प्रसिद्ध मैहर माता मंदिर समिति से मुस्लिम कर्मचारियों को हटाने के आदेश जारी किए हैं। नगर में मांस और मदिरा की बिक्री भी बंद करने को लेकर सतना कलेक्टर को पत्र भेजा है।

इस मामले में सतना कलेक्टर अनुराग वर्मा का कहना है कि मंत्री उषा ठाकुर का पत्र प्राप्त हुआ है। उसके संबंध में परीक्षण कराया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विश्व-हिंदू परिषद ने संस्कृति मंत्री के सामने अपनी मांगें रखी थीं, जिस पर विभाग ने एक्शन लेते हुए आदेश दिया है।

मंदिर समिति में धर्म के आधार पर नियुक्ति का नियम नहीं

सतना कलेक्टर को भेजे पत्र में लिखा गया है कि 17 जनवरी को इस संबंध में तत्काल परीक्षण कर रिपोर्ट मांगी गई थी, लेकिन वह अभी तक अपेक्षित ही है। धर्मस्व विभाग की उपसचिव पुष्पा कुलेश ने मंगलवार को फिर पत्र भेजकर 3 दिन में प्रतिवेदन भेजने को कहा हैं। हालांकि, चुनावी साल में आए धर्मस्व विभाग के इस आदेश से विवाद खड़ा हो सकता है क्योंकि मां शारदा देवी मंदिर प्रबंध समिति के नियमों में कहीं भी कर्मचारियों की नियुक्ति में धर्म को आधार बनाए जाने का प्रावधान नहीं है।

VHP-बजरंग दल ने किया आदेश का स्वागत

विहिप और बजरंग दल ने तो इस आदेश का स्वागत करते हुए माता शारदा की महाआरती का भी ऐलान कर दिया है। बजरंग दल के जिला संयोजक महेश तिवारी ने कहा कि हम वर्षों से यह मांग करते आ रहे हैं, जिस पर अमल होने की बारी अब आई है।

मंदिर समिति में हैं 3 मुस्लिम कर्मचारी

शारदा मंदिर प्रबंध समिति में मौजूदा समय में तीन मुस्लिम कर्मचारी आबिद, अयूब और यूसुफ खान कार्यरत हैं। मां शारदा देवी मंदिर प्रबंध समिति के अधीक्षक नंदकिशोर पटेल ने बताया कि ऐसे कर्मचारियों को बाहरी काम सौंपा गया है। वह समिति के निर्देश पर काम करते हैं।

उधर, मैहर में मदिरा की बिक्री प्रतिबंधित किए जाने के मामले में जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम का कहना है कि जब तक आबकारी विभाग ऐसे निर्देश नहीं देता और दुकान को डीनोटिफाइड नहीं करता, तब तक कहीं से भी कोई दुकान बंद नहीं कराई जा सकती है।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!