
आनंदपुर डेस्क :
मंगलवार को ग्राम पंचायत बनारसी ओर कालादेव स्थित गौशाला ठिकाना हरिपुर में गोवर्धन पर्व परंपरानुसार श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आनंदपुर मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष रबी बना, मंडल आईटी सेल संयोजक अनिल कुशवाह डॉ संजय शर्मा, पंडित रामेश्वर शर्मा सहित अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर गोवर्धन पूजा की और गौमाता की आराधना कर गांव की सुख-समृद्धि की कामना की।

लोगों ने बताया कि गोवर्धन पूजा का पर्व भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर गोकुलवासियों की रक्षा करने की स्मृति में मनाया जाता है। जब इंद्रदेव ने मूसलाधार वर्षा कर गांववासियों को संकट में डाल दिया था, तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठा उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर सबकी रक्षा की थी। उसी घटना की स्मृति में यह पावन पर्व मनाया जाता है।

पूजन के दौरान ग्रामीणों ने परंपरानुसार गोबर से गोवर्धन पर्वत का प्रतीक बनाकर उसे फूलों, दीपकों और अन्नकूट के प्रसाद से सजाया। महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक गीतों के साथ पूजा संपन्न की। घर-घर में पकवान बनाए गए और भगवान श्रीकृष्ण को विविध व्यंजनों का भोग लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया गया।




