BJP से विदिशा सीट अभी होल्ड!: CM के करीबी और पूर्व वित्त मंत्री की बेटी के बीच दावेदारी की टक्कर

विदिशा डेस्क :
विधानसभा चुनाव को लेकर दोनों ही प्रमुख पार्टियों ने अपनी-अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। जहां कांग्रेस ने जिले की पांचों विधानसभा सीट पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं तो वहीं भाजपा ने चार विधानसभा सीट पर अपने प्रत्याशी घोषित किए हैं। विदिशा विधानसभा सीट पर अभी तक कोई भी प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। विदिशा में विधानसभा सीट को भाजपा ने अभी होल्ड पर रखा है।
विदिशा विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने अपने विधायक शशांक भार्गव पर दोबारा भरोसा जताते हुए उन्हें मैदान में उतारा है तो वहीं भाजपा में कई दावेदार होने के कारण अभी तक किसी को प्रत्याशी घोषित नहीं कर पाई है। सूत्रों की मानें तो पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष और शिवराज के करीबी मुकेश टंडन और पूर्व वित्त मंत्री राघव जी भाई की लड़की ज्योति शाह को लेकर भाजपा में पशोपेश की स्थिति बनी हुई है। जिसके कारण विदिशा विधानसभा सीट को भाजपा ने होल्ड पर रखा है।

कांग्रेस पार्टी ने विदिशा जिले की पांचों विधानसभा सीट पर जहां चार पुरुष नेताओं को मौका दिया है तो वहीं एक महिला प्रत्याशी को मैदान में उतारा है। भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में 2 महिला विधायकों के टिकट उन पर लगे भ्रष्टाचार और अवैध उत्खनन के आरोपों के चलते काटे जाने की आशंका है। जिसके बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि विदिशा विधानसभा सीट पर ज्योति शाह को मौका मिल सकता है।
बासौदा विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने जहां पूर्व विधायक निशंक जैन को अपना प्रत्याशी बनाया है तो वहीं भाजपा ने पूर्व विधायक हरि सिंह रघुवंशी को मैदान में उतारा है।
माना जा रहा है कि बासौदा में दोनों ही पार्टी में कांटे की टक्कर है। शमशाबाद विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने सिंधु विक्रम सिंह को टिकट दिया है तो वहीं भाजपा ने पूर्व मंत्री सूर्य प्रकाश मीणा को अपना उम्मीदवार बनाया है। क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने के कारण सूर्य प्रकाश मीणा को इसका फायदा मिल सकता है। हालांकि सिंधु विक्रम सिंह ने भी प्रदेश सरकार के खिलाफ लगातार आंदोलन किए हैं। किसानों में अच्छी पकड़ है। जिसका सीधा फायदा सिंधु विक्रम सिंह को मिलेगा। शमशाबाद विधानसभा में दोनों ही पार्टी में कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी।
सिरोंज विधानसभा सीट भारतीय जनता पार्टी ने सबसे पहले जिले में सिरोंज विधानसभा सीट पर विधायक उमाकांत शर्मा पर भरोसा जताते हुए उन्हें दोबारा मौका दिया है। उमाकांत शर्मा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर कई बार अपनी ही सरकार को मुश्किलों में डाल चुके हैं तो वही कांग्रेस ने युवा प्रत्याशी गगनेंद्र रघुवंशी पर दाव लगाया है। सिरोंज में कांग्रेसी नेता गगनेंद्र रघुवंशी का विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस की गुटबाजी का फायदा भाजपा के प्रत्याशी उमाकांत शर्मा को मिलेगा।
कुरवाई विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने महिला प्रत्याशी को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने युवा नेत्री रानी अहिरवार को टिकट दिया है। रानी अहिरवार वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य हैं और क्षेत्र में लगातार सक्रिय है। माही भाजपा ने विधायक हरि सिंह सप्रे पर दोबारा भरोसा जताते हुए उन्हें अपना प्रत्याशी बनाया है।
हरि सिंह सप्रे के ऊपर भ्रष्टाचार और अवैध उत्खनन के आरोप लगते रहे हैं। क्षेत्र के विरोध के बाद भी उन्हें दोबारा टिकट मिला है। सीएम शिवराज सिंह चौहान के करीबी होने का उन्हें फायदा मिला है। बीजेपी को कुरवाई विधानसभा सीट को बचाए रखना मुश्किल है। कांग्रेस की रानी अहिरवार भारी पड़ेगी।



