
आनंदपुर डेस्क :
बरसात अब विदाई की ओर है और खेतों में कांस के सफेद फूल खिले दिखाई देने लगे हैं। यह नजारा न सिर्फ मनमोहक है बल्कि मौसम के बदलने का संकेत भी देता है। कांस का खिलना माना जाता है कि अब बरसात अपने अंतिम पड़ाव पर है और शरद ऋतु की शुरुआत होने वाली है।
खेती-किसानी से जुड़े किसानों सिगराम सिंह जादौन और ग्राम पंचायत खेरखेड़ी कला के पूर्व सरपंच जितेंद्र सिंह जादौन के अनुसार कांस का फूलना साफ संकेत है कि अब मौसम सुहाना होने लगेगा और आर्द्रता घटेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में कांस के फूल खेत-खलिहानों और खाली जमीनों पर लहराते नजर आ रहे हैं, जिससे वातावरण में हरियाली के साथ नई ताजगी घुल गई है।
किसानों का कहना है कि यह समय खरीफ की फसलों की कटाई की तैयारी का होता है। धान, सोयाबीन और मक्का की फसलें अब पकने की स्थिति में हैं। वहीं शरद ऋतु की दस्तक के साथ ही रबी फसलों की तैयारी का समय भी नजदीक आ गया है।
बरसात विदा लेने के साथ ही खेतों में इन दिनों कांस के फूलों की सफेदी छाई हुई है, जो बदलते मौसम की खूबसूरती और नए मौसम की आहट का अहसास कराती है।