
आनंदपुर डेस्क :
ग्राम पंचायत आनंदपुर में नल-जल योजना के तहत जावती रोड पर चल रहे पाइपलाइन निर्माण कार्य की रिपोर्टिंग के दौरान पत्रकार पर हमले का मामला सामने आया है। नवभारत के पत्रकार मनीष शर्मा ने सरपंच के पुत्र पर गैती से हमला करने, मोबाइल छीनने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाने में आवेदन दिया है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी पत्रकार पर मारपीट और 50 हजार रुपए मांगने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है।
जानकारी के अनुसार पत्रकार मनीष शर्मा को पाइपलाइन निर्माण कार्य में अनियमितताओं की शिकायत मिली थी। इसी के चलते वे 6 मार्च 2026 को जावती रोड स्थित निर्माण स्थल पर वीडियो ग्राफिंग कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान वहां पहुंचे सरपंच पुत्र राधा बल्लभ शर्मा, जो कि शासकीय शिक्षक बताए जा रहे हैं, ने बिना किसी कारण गाली-गलौज शुरू कर दी और उनका मोबाइल छीनने का प्रयास किया।

पत्रकार का आरोप है कि आरोपी ने गुस्से में आकर गैती से हमला करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत बीच-बचाव करते हुए गैती पकड़ ली, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि 2 मार्च 2026 को पाइपलाइन निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर एक समाचार प्रकाशित हुआ था। इसी खबर से नाराज होकर यह घटना हुई। घटना के बाद आरोपी कार में बैठकर मौके से फरार हो गया।
पत्रकार का आरोप
पत्रकार मनीष शर्मा ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि आरोपी ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि “मैं तेरी पत्रकारिता बंद करवा दूंगा और तुझे ऐसे मामले में फंसा दूंगा कि जिंदगी भर याद रखेगा।” साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।
दूसरे पक्ष ने लगाए ये आरोप
वहीं राधा बल्लभ पुत्र हरिवल्लभ शर्मा ने भी पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि पत्रकार मनीष शर्मा ने उन्हें रोककर गाली-गलौज की, मारपीट की और 50 हजार रुपए की मांग की।
ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद क्षेत्र के पत्रकारों और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।



