हर खेत तक पहुंचेगा सिंचाई का पानी: शमशाबाद में 163 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
प्रदेश की पहली जिला स्तरीय फिंगर प्रिंट लैब का शुभारंभ, कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम ‘नव्या’ का पायलट प्रोजेक्ट विदिशा से शुरू

विदिशा/शमसाबाद डेस्क :
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है और प्रदेश के हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना, पार्वती-कालीसिंध-चंबल (पीकेसी) परियोजना जैसी योजनाओं से प्रदेश में सिंचाई का रकबा तेजी से बढ़ रहा है। पिछले दो वर्षों में ही प्रदेश में लगभग 10 लाख हेक्टेयर सिंचाई क्षेत्र बढ़ा है और अब कुल 55 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित हो रही है।
मुख्यमंत्री शनिवार को विदिशा जिले के शमशाबाद में आयोजित कृषक हितग्राही सम्मेलन एवं विकास कार्यों के भूमि-पूजन और लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जिले को 163 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी और प्रदेश की पहली जिला स्तरीय फिंगर प्रिंट लैब का शुभारंभ भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किसानों को हर वर्ष 12 हजार रुपये किसान सम्मान निधि दी जा रही है। राज्य सरकार ने सोयाबीन उत्पादक किसानों के खातों में भावांतर भुगतान योजना के तहत करीब 1500 करोड़ रुपये अंतरित किए हैं। उन्होंने घोषणा की कि अब सरसों की फसल भी भावांतर योजना में खरीदी जाएगी तथा उड़द पर 600 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों से 2625 रुपये प्रति क्विंटल गेहूं खरीदेगी, जिसमें 40 रुपये बोनस शामिल है। सरकार वर्ष 2028 तक गेहूं का मूल्य 2700 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है।
163 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लगभग 60 करोड़ रुपये लागत के 41 विकास कार्यों का लोकार्पण किया, जिसमें कुरवाई का सांदीपनि विद्यालय भी शामिल है। साथ ही 104.56 करोड़ रुपये की 56 नई परियोजनाओं का भूमि-पूजन किया गया। इनमें विदिशा महाविद्यालय के उन्नयन के लिए 15 करोड़ रुपये का कार्य भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य बजट में विदिशा जिले को 116 करोड़ रुपये की नई सड़कों की सौगात भी मिली है।
कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम ‘नव्या’ की शुरुआत
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम ‘नव्या’ की शुरुआत विदिशा से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की गई है। इस योजना के तहत 10वीं पास युवतियों को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लाड़ली बहनों को हर महीने 1500 रुपये की सहायता दे रही है, जिसे आगे बढ़ाया जाएगा।
हितग्राहियों को वितरित किए लाभ

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लाड़ली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री नरवाई प्रबंधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन बीमा योजना, मुद्रा योजना, कृषि यंत्र, पशुधन और खाद्य प्रसंस्करण योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए।
गौसंवर्धन और पशुपालन को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गौसंरक्षण के लिए बड़ी गौशालाएं बनाई जा रही हैं और शमशाबाद में भी आदर्श गौशाला स्थापित की जाएगी। राज्य सरकार ने गौशालाओं के लिए प्रति गाय अनुदान राशि 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये कर दी है। साथ ही डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत 25 गाय पालन पर 10 लाख रुपये अनुदान का प्रावधान किया गया है।

प्रमुख घोषणाएं
शमशाबाद नगर परिषद के विकास कार्यों के लिए 3 करोड़ रुपये की स्वीकृति
शमशाबाद में नया विद्युत सब-स्टेशन स्थापित किया जाएगा
संजय सागर और सगढ़ सिंचाई परियोजनाओं का परीक्षण कर विकास कार्य किए जाएंगे
रोड-शो में हुआ भव्य स्वागत
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शमशाबाद में रोड-शो कर नागरिकों का अभिवादन किया। विभिन्न मार्गों पर लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान व नागरिक उपस्थित रहे।



