
आनंदपुर डेस्क :
विदिशा जिले की लटेरी तहसील के ग्राम राजपुर में मेहरबान सिंह पटेल की माताजी स्वर्गीय श्रीमती गंगो बाई की तेहरवी पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा एक प्रेरक पहल की साक्षी बनी। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कार्यक्रम में मानव सेवा का अनूठा संकल्प लिया गया।
सामाजिक संगठन जन चेतना मंच की प्रेरणा से कुर्मी क्षत्रिय समाज के तीन वरिष्ठजन रामचरण लाल गौर (पूर्व सरपंच, ग्राम पंचायत नसोवर्री), रघुवीर सिंह कुर्मी (पूर्व सरपंच, ग्राम पिपलिया हाट) तथा उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रामकली बाई ने देहदान का संकल्प पत्र भरकर समाज के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया।

जन चेतना मंच के जिला मीडिया प्रभारी रवि कुशवाह ने देहदान की प्रक्रिया, उसके सामाजिक व चिकित्सीय महत्व की जानकारी दी तथा मौके पर ही संकल्प प्रपत्र भरवाए।
रामचरण लाल गौर ने कहा, “यदि हमारी पार्थिव देह मृत्यु के बाद समाज के काम आए, इससे बड़ा सौभाग्य क्या हो सकता है।”
रघुवीर सिंह ने कहा, “यदि हमारी देह से किसी को नवजीवन मिले तो यह मृत्यु नहीं, पुनर्जन्म होगा।”
श्रीमती रामकली बाई ने कहा कि पति द्वारा समझाने पर उन्होंने बिना संकोच इस पुनीत कार्य के लिए सहमति दी।

कुर्मी क्षत्रिय समाज के तहसील अध्यक्ष मनमोहन सिंह गौर ने कहा कि एक साथ तीन वरिष्ठजनों का यह संकल्प निश्चित ही समाज में नई जागरूकता लाएगा। युवा नेता रवि पाटीदार ने इसे प्रेरणादायी कदम बताया।
कार्यक्रम में हीरालाल पटेल (जनपद सदस्य), महेंद्र उपाध्याय (पूर्व सरपंच आनंदपुर), नीलेश पटेल (राजपुर) व रामदयाल पहलवान पटेल (शेरगढ़) सहित समाजजन उपस्थित रहे।



