विदिशा

ब्रेकिंग न्यूज: लटेरी के चैनपुरा में आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक्स, दो युवकों की दर्दनाक मौत, तीन घायल

पोस्टमार्टम को लेकर अस्पताल में हंगामा, पुलिस ने समझाइश देकर कराया शांत

लटेरी डेस्क :

लटेरी थाना क्षेत्र के चैनपुरा गांव के पास बुधवार शाम तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक्स के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर खून बिखर गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों मोटरसाइकिलों पर तीन-तीन लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि दोनों वाहन तेज गति से आ रहे थे और मोड़ के पास संतुलन बिगड़ने से सीधी टक्कर हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दो युवकों की सांसें थम चुकी थीं।
दुर्घटना में मृतकों की पहचान कन्हैया बंजारा (20), निवासी ग्राम कोलुआ पठार और जित्तू उर्फ जितेंद्र आदिवासी (25), निवासी लालाटोरा (सहारिया बस्ती) सदगुरु, थाना आनंदपुर के रूप में हुई है। मौत की खबर गांव पहुंचते ही मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
हादसे में अभिषेक सहारिया (27), निवासी चैनपुरा और नेत राम बंजारा (26), निवासी कोलुआ पठार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल विदिशा रेफर किया गया। वहीं जगदीश आदिवासी (16) को मामूली चोटें आईं, जिनका उपचार लटेरी अस्पताल में किया गया।

पोस्टमार्टम को लेकर अस्पताल में बवाल

घटना की सूचना मिलते ही बंजारा समाज के करीब 60-70 लोग लटेरी अस्पताल पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शवों के पोस्टमार्टम का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समझाइश दी। कई घंटों की मशक्कत के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। इसके बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

थाना लटेरी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बाइक सवारों ने हेलमेट पहना था या नहीं।
यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि रफ्तार का जुनून जिंदगी पर भारी पड़ता है। कुछ पलों की लापरवाही ने दो घरों के चिराग बुझा दिए और कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!