अशोक गार्डन में बुर्का पहनकर आई तीन महिलाएं, 72 अंगूठियां पर किया हाथ साफ, दो महिलाओं ने ज्वेलर्स को बातों में उलझाया, तीसरी ने अंगूठी से भरा बॉक्स चुराया

भोपाल डेस्क :

अशोका गार्डन में आभूषण की दुकान में जेवर खरीदने के बहाने बुर्का पहनकर पहुंची तीन महिलाएं चांदी की 72 अंगूठी से भरा बाॅक्स चोरी कर चंपत हो गईं। घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। इसमें दो महिलाएं व्यापारी को बातों में उलझाए दिख रही हैं, जबकि तीसरी महिला अलमारी में रखा अंगूठी से भरा बाॅक्स चोरी करते हुए दिख रही है। बाक्स वह झोला में रखकर चली जाती है। पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। चोरी गए जेवर की कीमत व्यापारी ने 45 हजार रुपए बताई है।

जानकारी के मुताबिक न्यू अशोका गार्डन सरस्वती स्कूल के सामने रहने वाले यश सोनी पिता रामेश्वर सोनी (25) की परिहार चौराहे के पास यश आभूषन कला के नाम से ज्वेलरी की दुकान है। यश ने बताया कि शुक्रवार को करीब सवा 3 बजे की बात होगी मेरे पिता रामेश्वर प्रसाद सोनी दुकान पर बैठे थे।

उसी समय बुर्का पहने दो महिलाएं दुकान पर पहुंचीं। महिलाओं ने सोने का मोती के दाने दिखाने को बोला। पापा ने दाने दिखाए जो उन्हें पसंद नहीं आए। इसके करीब 5 मिनट बाद तीसरी महिला पहुंची। वह चैन दिखाने को कहने लगी। रामेश्वर उसे चैन दिखाने लगे, तभी एक महिला दुकान की अलमारी से अंगूठी से भरा बाक्स झुककर निकाल लिया। बाक्स को उसने कुछ समय के लिए काउंटर में रखे रखा। थोड़ी देर बाद उसने बाक्स को अपने झोले में रख लिया।

तीनों महिलाएं बिना जेवर खरीदे यह कहते हुए चली गईं कि वह कपड़ा खरीदकर आती हैं। मोती के दाने मंगाकर रखना। तब तक रामेश्वर को चोरी का पता नहीं चला। महिलाओं के जाने के करीब 10 मिनट बाद यश पहुंचे। उन्होंने देखा कि अलमारी में रखा चांदी की अंगूठी का बाक्स गायब है। उन्होंने पिता से पूछा। दुकान में तलाश किया, लेकिन पता नहीं चला। बाद में सीसीटीवी चेक किया जिसमें एक महिला चांदी की अंगूठी वाला बॉक्स निकालते दिख रही है। तुरंत ही यश ने पुलिस को सूचना दी।

हे अल्लाह… थक गई, चलते हैं…
रामेश्वर ने बताया कि तीनों महिलाएं आपस में जान पहचान की थीं। तीनों की बातचीत से ऐसा लगा कि वह भोपाल की थीं। एक महिला जेवर देखने के दौरान हे अल्ला थक गई, चलते हैं… भी बोली हैं। दुकान में महिलाएं काफी देर तक रहीं। वह जेवर खरीदने नहीं चोरी करने की योजना बनाकर ही आई थीं। जेवर नहीं खरीदने पर रामेश्वर ने एक महिला को फटकार भी लगाई थी।

Exit mobile version