मौसम ने 24 घंटे में ही यू-टर्न ले लिया: भोपाल में एक दिन में पारा 5.2 डिग्री लुढ़का

भोपाल डेस्क :

राजधानी भोपाल में मौसम ने 24 घंटे में ही यू-टर्न ले लिया। गुरुवार को 25 दिन बाद पारा 40 डिग्री पर पहुंचा था। शुक्रवार को बादल छाने से दिन के तापमान में 5.2 डिग्री की गिरावट हो गई। यह 35 डिग्री पर आ गया। रात का पारा फिर 25.6 डिग्री पर पहुंच गया। 2.6 डिग्री का इजाफा हुआ। सीजन में दूसरी बार रात का यह सबसे ज्यादा तापमान है। शहर में शुक्रवार को सुबह से ही घने बादल छाए थे। दिन में 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चली। इस कारण पारे की चाल धीमी बनी रही।

आज भी बादल छाने की संभावना

मौसम वैज्ञानिक प्रमेंद्र रैकवार के मुताबिक- शनिवार को भी बादल छाने की संभावना है। लेकिन दिन के तापमान में इजाफा हो सकता है। रात के तापमान में थोड़ी गिरावट हो सकती है।

ऐसे मौसम की खास वजह… रैकवार ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण राजस्थान के प्रेरित चक्रवात बना है। मराठवाड़ा से कर्नाटक होती हुई तमिलनाडु तक ट्रफ लाइन बनी है। नमी ज्यादा आ रही है। इसी वजह से बादल छाए हैं।

Exit mobile version