राष्ट्रपति की उपस्थिति में जनजातीय गौरव दिवस से लागू होगा पेसा एक्ट : मुख्यमंत्री ने दी जानकारी

भोपाल डेस्क : 

15 नवंबर 2022 का दिन मध्यप्रदेश के लिये गौरव की बात है कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू के मुख्य आतिथ्य में शहडोल में 15 नवंबर को ही जनजातीय गौरव दिवस का राज्य स्तरीय कार्यक्रम होगा। इसी दिन मध्यप्रदेश में जनजातीय समुदाय के हित में पेसा एक्ट भी अधिकारिक रूप से लागू किया जायेगा। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सामाजिक समरसता के साथ प्रदेश का विकास सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह शहडोल के लालपुर ग्राम में जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों की समीक्षा के बाद उमरिया जिले के गुरूवाही में पत्रकारों से चर्चा करते हुए बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने यहाँ मौजूद बच्चों से चर्चा भी की। गुरूवाही से बाँधवगढ़ जाते समय मुख्यमंत्री से कस्तूरबा गांधी छात्रावास की छात्राओं ने मुलाकात की और उनका आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने अपनी भांजी छात्राओं को आशीर्वाद दिया और उनकी शिक्षा के संबंध में जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने ट्वीटर पर दी जानकारी

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस पर शहडोल आयेंगी। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मैंने राष्ट्रपति जी को मध्यप्रदेश आने का निमंत्रण दिया। यह हमारा सौभाग्य है कि राष्ट्रपति ने मध्यप्रदेश आने का निमंत्रण स्वीकार किया। मध्यप्रदेश में राष्ट्रपति का प्रथम आगमन हमारे लिए गौरव का विषय है। मध्यप्रदेश की धरती पर उनका स्वागत है। मुख्यमंत्री चौहान ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री पेंच से सीधे शहडोल पहुँच कर जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम की जानकारी और तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

Exit mobile version