राजधानी भोपाल में मावठे का कई वर्षो का रिकॉर्ड टूटा: रुक-रुककर हो रही बारिश, दिन का पारा लुड़का

भोपाल डेस्क :

भोपाल में सीजन का पहला मावठा आ गया है। रात 2 बजे से शुरू हुई हल्की बारिश सोमवार को भी रुक – रुक कर जारी है। इससे ठंड का असर बढ़ेगा। हालांकि, नमी की वजह से रात के तापमान में गिरावट की बजाय एक-दो डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। रात से सोमवार सुबह 8.30 बजे तक भोपाल में 8.2 मिमी यानी 0.23 इंच पानी गिर चुका है।

मौसम विभाग के अनुसार भोपाल में 10 साल में पहली बार नवंबर में 8.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। वर्ष 2013 से 2023 के बीच सिर्फ तीन साल बारिश हुई। वर्ष 2019 में 0.6 मिमी और 2020 में 0.2 मिमी बारिश हुई, जबकि इस बार कुछ ही घंटों में 8.2 मिमी बारिश हो गई। सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि 30 नवंबर के बाद भी एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। दिसंबर के पहले सप्ताह तक भोपाल समेत प्रदेश के दूसरे जिलों में तेज सर्दी नहीं पड़ेगी। दूसरे सप्ताह से ही सर्दी का असर बढ़ने लगेगा।

नवंबर में ऐसा ट्रेंड, इस बार भी असर
मौसम केंद्र, भोपाल के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के समाप्त होने के बाद मौसम सामान्यत: शांत होता है। इस महीने आसमान साफ या हल्के बादलों से घिरा रहता है। हालांकि, अक्टूबर की तरह नवंबर में उमस नहीं होती। रात के तापमान में गिरावट होने लगती है। सुबह-शाम हल्की ठंडक भी रहती है।

वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर, पारा लुढ़का
उत्तरी भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के गुजरने का असर भी भोपाल में देखने को मिलता है। 26 नवंबर, रविवार से वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर देखने को मिला। पूरे दिन बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलीं, जिससे दिन के टेम्प्रेचर में 2.6 डिग्री की गिरावट हुई और 27.7 डिग्री दर्ज किया गया।

नवंबर में 10 साल में बादल छाए, 2 बार बारिश भी हुई
2013 से 2022 में नवंबर में बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें, तो 2019 में 0.6 मिमी और 2020 में 0.2 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। बाकी सालों में बादल छाए रहे। इस बार बारिश का अनुमान है।

भोपाल में ऐसा रहता है नवंबर का मौसम

  • 4 नवंबर 1977 को दिन का टेम्प्रेचर 35.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। यह नवंबर में इतने तापमान का ऑल टाइम रिकॉर्ड है।
  • 30 नवंबर 1941 को रात का तापमान 6.1 डिग्री पहुंचा था।
  • वर्ष 1936 में पूरे महीने 134.1 मिमी यानी 5.2 इंच बारिश हुई थी।
  • 24 घंटे में सर्वाधिक बारिश का रिकॉर्ड 10 नवंबर 1969 में 76.4 मिमी यानी 3 इंच का है।

 

Exit mobile version