गुजरात और हिमाचल प्रदेश के नतीजों पर मध्यप्रदेश में भी जश्न : शिवराज बोले- हम भी मध्यप्रदेश में तैयारी में जुट गए, कांग्रेस का दावा एमपी में कांग्रेस की एकतरफा जीत होगी

भोपाल डेस्क :

गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनावी नतीजों पर मध्यप्रदेश में भी जश्न का माहौल है। बीजेपी जहां गुजरात में मिली ऐतिहासिक जीत पर उत्साहित है। वहीं हिमाचल में जीत पर कांग्रेस के खेमें में खुशी नजर आई। गुजरात की जीत पर CM शिवराज ने कांग्रेस पर करारा तंज कसा। उन्होंने कहा- कहीं ऐसा न हो कि राहुल गांधी को अब कांग्रेसी खोजो यात्रा निकालनी पड़े। वहीं कमलनाथ ने कहा – लोकतंत्र की खूबसूरती किसी दल की ताकत में नहीं, बल्कि जनता की ताकत में निहित है।

BJP दफ्तर में मना गुजरात की जीत का जश्न
गुजरात में बीजेपी की जीत पर भोपाल स्थित प्रदेश कार्यालय में भी विजय उत्सव मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की। वह जीत की खुशी में ढोल नगाड़ों की थाप पर थिरकते नजर आए। ये जोश उस वक्त दोगुना हो गया। जब सीएम शिवराज सिंह यहां पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया और जीत की बधाई दी।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर तंज
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुजरात में जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को दिया। सीएम इस दौरान राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर तंज कसने से भी नहीं चूके। उन्होंने कहा कि- ये विकास और जनकल्याण की आंधी है, जिसमें कांग्रेस और दूसरी पार्टियां उड़ गई। कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया, 20 के नीचे आ गई। अब राहुल बाबा को कांग्रेस खोजो यात्रा ना निकालनी पड़ जाए।

शिवराज बोले- हम भी मध्यप्रदेश में तैयारी में जुट गए है
सीएम शिवराज सिंह ने गुजरात में बीजेपी की जीत पर कहा- गुजरात में भारतीय जनता पार्टी की विजय, विजय नहीं महाविजय है। अभूतपूर्व विजय है। अकल्पनीय विजय है। ये महाविजय नरेन्द्र मोदी जी के प्रति जनता का प्रेम, विश्वास और श्रद्धा का प्रकटीकरण है, मोदी जी जन जन के मन में बसे है। जनता उनको कल्पवृक्ष मानती है। विकास का जो मॉडल गुजरात के रूप में उन्होंने दिया है, उसे देश ही नहीं, दुनिया के कई राज्य अपना रहे है। सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि हम भी मध्यप्रदेश में तैयारी में जुट गए है।

BJP अध्यक्ष बोले- मप्र में भी ऐसी आंधी आएगी
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा – गुजरात के परिणाम जो आए हैं, ये राजनीति में इस देश के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय है। पीएम मोदी के गुड गवर्नेंस और विकास को जनता ने समर्थन दिया है। अगले साल मध्यप्रदेश में चुनाव हैं। पूरा विश्वास है कि ये आंधी मध्यप्रदेश में भी आएगी।

प्रदेश कांग्रेस दफ्तर में भी बंटी मिठाइयां
गुजरात में बीजेपी की जीत पर एमपी बीजेपी के दफ्तर में जहां सुबह से जश्न का माहौल रहा, वहीं प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में उस वक्त खुशी नजर आई, जब दोपहर बाद ये तय हो गया कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। दोपहर करीब 3 बजे PCC दफ्तर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर आतिशबाजी की। पीसीसी के बाहर प्रदेश महामंत्री राजीव सिंह, मीडिया विभाग के चीफ पीयूष बबेले ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाकर बधाई दी।

एमपी में कांग्रेस की एकतरफा जीत होगी: कांग्रेस
इससे पहले पीसीसी दफ्तर में मीडिया से बात करते हुए पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने कहा- जो रिजल्ट आए हैं, ये प्रदेश की जनता तय करती है। हमने कोशिश की है, कहीं कांग्रेस को सार्थक परिणाम मिले हैं, कहीं निराशा मिली है। जहां कमी है, वहां मंथन करके फिर प्रयास करेंगे, लेकिन कांग्रेस पार्टी की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने दावा किया कि मध्यप्रदेश में इस बार कांग्रेस की एकतरफा जीत होगी।

कमलेश्वर पटेल ने कहा- राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा में व्यस्त होने से गुजरात नहीं जा पाए। भारत जोड़ो यात्रा देश में जाति-धर्म के नाम पर फैलाई जा रही नफरत को दूर करने, बेरोजगारी, मंहगाई जैसे मुद्दों को लेकर निकाली जा रही है।

Exit mobile version