गुटबाजी के बीच कांग्रेस नेताओं में चेहरा दिखाओ की होड़, होर्डिंग और बैनरों से ब्लॉक और नगर अध्यक्ष के फोटो भी नहीं

सिरोंज डेस्क :

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ की जनसभा के पहले क्षेत्र के कांग्रेसियों के बीच अपना चेहरा दिखाओ की होड़ लगी हुई है। हालांकि इसमें भी वे गुटबाजी को खत्म नहीं कर सके हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ 21 दिसंबर को सिरोंज आ रहे हैं और इसके लिए जिला कांग्रेस संगठन तैयारियां में जुटा हुआ है। जिसके चलते सोमवार दोपहर में जिलाध्यक्ष निशंक जैन सिरोंज में जन सम्पर्क के लिए आए।

बासौदा नाका क्षेत्र से जैसे ही वे जन सम्पर्क शुरू कर रहे थे तो एक नेताजी ने खुद के फोटो लगा पंपलेट वितरित करना शुरू कर दिया। जिसे देखकर संगठन के पदाधिकारी उखड़ गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह नहीं चलेगा। इसके बाद जन सम्पर्क में पंपलेट का वितरण नहीं हुआ। जिलाध्यक्ष ने कांग्रेस नेताओं के साथ हाजीपुर इलाके में सम्पर्क किया। इधर कांग्रेसियों के बीच प्रदेशाध्यक्ष को अपना चेहरा दिखाने की होड़ भी लगी हुई है। हैलीपैड से सभा स्थल के बीच नेताओं ने अपने होर्डिंग और बैनर लगा दिए हैं। हालांकि इनमें भी गुटबाजी साफतौर पर दिखाई दे रही है।

अधिकांश नेताओं के बैनर में ब्लॉक और नगर कांग्रेस अध्यक्ष के फोटो नदारद हैं। इन हालातों में दोनों ही अध्यक्षों ने खुद के होर्डिंग अलग से लगाए हैं और इसमें भी एक-दूसरे के फोटो नहीं लगाए है। मजे की बात यह है कि ये होर्डिंग और बैनर भी सिर्फ वहीं लगे हैं। जहां पर कमलनाथ पहुंचेगे। शहर के मुख्य बाजार सहित अन्य हिस्सों में सोमवार शाम तक आमसभा संबंधित कोई भी होर्डिंग और बैनर नहीं लगाए गए थे।

Exit mobile version