ओवरब्रिज से 35 फीट नीचे गिरे बाइक सवार: एक युवक की मौत, दूसरा घायल, मोड़ पर अनकंट्रोल होकर साइड वॉल से टकराई बाइक

भोपाल डेस्क :

भोपाल में सिंगारचोली ओवरब्रिज की साइड वॉल से टकराकर बाइक सवार दो युवक 35 फीट नीचे आ गिरे। इनमें से एक युवक की मौत हो गई, दूसरा घायल है। हादसा रविवार सुबह 6.10 बजे गांधीनगर थाना इलाके में हुआ। युवक यामाहा की स्पोर्ट्स बाइक आर-1 पर थे। ओवरब्रिज के टर्न पर बाइक अनकंट्रोल होकर साइड वॉल से टकरा गई। बाइक तो ओवरब्रिज पर ही गिर पड़ी, लेकिन दोनों युवक उछलकर 4 फीट ऊंची साइड वॉल को लांघते हुए नीचे गिर गए।

युवकों की पहचान टीला जमालपुरा की वसुंधरा कॉलोनी में रहने वाले हिफजुल (20) पुत्र लाल मियां और उसके दोस्त सलीम के रूप में हुई है। दोनों सुबह चाय पीने शांतिनगर स्थित एक होटल पर गए थे। यहां से लौटते समय हादसा हो गया। हिफजुल की मौके पर ही मौत हो गई। सलीम को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राहगीर देखकर निकलते गए

शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि मोड़ पर बाइक का बैलेंस बिगड़ गया होगा। चालक कंट्रोल नहीं कर पाया। इससे बाइक सीधे नीचे गिर गई। घटनास्थल का CCTV वीडियो भी सामने आया है। इसमें दोनों युवक ब्रिज से गिरते हुए दिखाई दे रहे हैं। रास्ते से गुजर रहे लोग उन्हें देखकर निकलते गए। एक बाइक सवार रुका, लेकिन युवकों के पास नहीं पहुंचा। डेढ़ मिनट बाद एक ऑटो आकर रुका। उसका ड्राइवर युवकों के पास गया।

ओवरब्रिज निर्माण के वक्त गिरे थे तीन लड़के

सिंगारचोली ओवरब्रिज निर्माणाधीन था, तब भी यहां हादसे में एक युवक की जान चली गई थी। हादसा इसी मोड़ पर हुआ था। तेज रफ्तार बाइक बाउंड्री से टकरा गई थी। तीन लोग गंभीर घायल हो गए थे। सिर में चोट लगने से एक युवक ने दम तोड़ दिया था। युवक मां की पासबुक लेने मोहल्ले में रहने वाले दो दोस्तों के साथ लालघाटी जा रहा था। ओवरब्रिज की बाउंड्री यानी साइड वॉल करीब 4 फीट ऊंची है। लोगों का कहना कि बाउंड्री की ऊंचाई कम है।

Exit mobile version